मातम में बदला खुशियों का माहौल छोटी बहन की डोली से पहले उठी बड़ी बहन क : , परिवार में मचा कोहराम…..
Jagbhan Yadav
Sat, May 16, 2026
सूरजपुर। विश्रामपुर क्षेत्र से सड़क हादसे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जहां छोटी बहन की शादी में शामिल होने मायके आई एक 24 वर्षीय विवाहिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद जिस घर में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम पसर गया। परिवार के लोग, जो कुछ घंटों पहले तक विवाह की रस्मों और खरीदारी में व्यस्त थे, अब इस असमय मौत से सदमे में हैं। मृतका की पहचान ज्योति प्रजापति के रूप में हुई है। वह धरतीपारा की रहने वाली थी और अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने मायके देवनगर आई हुई थी।
घर में शादी का माहौल था और सभी रिश्तेदार तैयारियों में जुटे हुए थे। ज्योति अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर देवनगर बाजार खरीदारी करने गई थी। बताया जा रहा है कि परिवार शादी के लिए जरूरी सामान खरीदने की तैयारी में था। बाजार क्षेत्र में भीड़भाड़ के बीच अचानक उनकी बाइक की टक्कर एक स्कूटी सवार से हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के पीछे बैठी ज्योति संतुलन खो बैठी और सड़क पर सिर के बल गिर पड़ी। सड़क पर फैली गिट्टी उसके सिर में जा धंसी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से खून से लथपथ हालत में ज्योति को तुरंत देवनगर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूरजपुर जिला अस्पताल में भी ज्योति की हालत नाजुक बनी रही। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेज दिया। परिजन और रिश्तेदार लगातार उसकी जान बचाने की कोशिश में जुटे रहे, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही ज्योति ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि विश्रामपुर के पास पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम गईं। जैसे ही यह दुखद खबर परिवार तक पहुंची, शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई।.
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन