स्वर्गीय बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय में : दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित
Jagbhan Yadav
Wed, Aug 26, 2026
कुम्हारी। स्वर्गीय बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय, कुम्हारी में प्राचार्य डॉ. श्रीमती सोनिता सत्संगी के मार्गदर्शन में बीए, बीकॉम एवं बीएससी प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा व्यक्तित्व एवं कौशल विकास के अवसरों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री लोकेश कुमार साहू ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्रीय अपर संचालक, उच्च शिक्षा, दुर्ग डॉ. अनुपमा अस्थाना ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि स्वयं को इतना सक्षम बनाना होना चाहिए कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें। उन्होंने तकनीक के सकारात्मक उपयोग के साथ वाद-विवाद, सांस्कृतिक एवं खेलकूद जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा ने दीक्षा और शिक्षा के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के विचार, व्यवहार, संस्कार, कौशल और व्यक्तित्व का निर्माण करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्या, विनय एवं अनुशासन का महत्व बताते हुए आत्मनिर्भर बनने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. श्रीमती सोनिता सत्संगी ने भारतीय आश्रम व्यवस्था एवं गुरुकुल परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि चरित्र, नैतिकता, संस्कार और अनुशासन का विकास भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शांत, जिज्ञासु और सदैव सीखने के लिए तत्पर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने जीवन में तीन ‘उ’—उद्देश्य, उत्साह और ऊर्जा—को महत्वपूर्ण बताते हुए अनुशासन एवं समय-पालन के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इसके बाद एनईपी समन्वयक श्रीमती नेहा वर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। महाविद्यालय के सहायक अध्यापकों ने भी अपने-अपने विषयों एवं विभिन्न समितियों की गतिविधियों से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। दीक्षारंभ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप ज्ञान एवं कौशल विकसित करने, भारतीय संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में भविष्य निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के सदस्यगण, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण, विद्यार्थियों के पालक तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन