बिलासपुर : टैगोर इंस्टिट्यूट संचालक ने एक ही जमीन दो लोगों को बेचने का सौदा किया
Fri, Nov 21, 2025
बिलासपुर
में जमीन खरीद–बिक्री को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। टैगोर इंस्टिट्यूट के संचालक पर आरोप है कि उन्होंने 52 डिसमिल जमीन एक खरीदार को 55 लाख रुपये में बेचने का एग्रीमेंट किया था। खरीदार ने किस्तों में कुल 53.24 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया। इसके बावजूद संचालक ने सिर्फ 28 डिसमिल जमीन की ही रजिस्ट्री कराई।
बाकी 24 डिसमिल जमीन का रजिस्ट्री कराने के बजाय संचालक उसे किसी दूसरे व्यक्ति को ज्यादा कीमत पर बेचने की तैयारी करने लगा। जब खरीदार ने इस पर आपत्ति जताई, तो वह टालमटोल करता रहा। लंबे समय तक कार्रवाई न होने से परेशान होकर पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की, लेकिन वहां भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई।
आख़िरकार पीड़ित ने एसएसपी रजनेश सिंह को लिखित शिकायत दी और सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए। दस्तावेज देखने के बाद एसएसपी ने तुरंत टीआई को निर्देश दिया कि मामले की एफआईआर दर्ज की जाए और उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
पीड़ित का कहना है कि टैगोर इंस्टिट्यूट संचालक की इस हरकत से उसे आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक तनाव भी हुआ है और वह न्याय की मांग कर रहा है।
रायगढ़ में अवैध साइलेंसरों पर कड़ी कार्रवाई : पुलिस ने 200 साइलेंसर किए नष्ट
Fri, Nov 21, 2025
रायगढ़
पुलिस ने जिले में बढ़ते शोर प्रदूषण और नियमों को ताक पर रखकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मॉडिफाइड और तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाने वाले बाइक चालकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग कर ऐसे सभी साइलेंसरों को जब्त किया गया और चालकों पर जुर्माना लगाया गया।
शुक्रवार को पुलिस ने जब्त किए गए लगभग 200 मॉडिफाइड साइलेंसरों को सामुदायिक भवन के पास सड़क पर रखकर रोड-रोलर से नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। इस कदम का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना और अनावश्यक शोर को कम करना है
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस सख्त कार्रवाई का मकसद सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, शोर प्रदूषण कम करना और नियम तोड़ने वालों पर अंकुश लगाना है। साथ ही बताया गया कि इस साल अब तक 35,000 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया गया है, जिससे लगभग 3.45 करोड़ रुपये का समन शुल्क जमा हुआ है।