CG – सड़क किनारे मिले 2 रहस्यमयी बॉक्स : खोलते ही उड़ गए सबके होश, फिर जो हुआ…
Sun, May 10, 2026
खैरागढ़।
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां घिरघोली गांव में सड़क किनारे मिले दो रहस्यमयी बॉक्स से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसे “काला जादू” और टोना-टोटका समझ लिया, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बॉक्स खोले तो अंदर चूड़ी, साड़ी, चावल, नारियल और नींबू जैसी सामग्री मिली।
दरअसल, यह पूरा मामला छुईखदान थाना क्षेत्र का है। घिरघोली गांव के बाहरी हिस्से में सड़क किनारे दो बंद बॉक्स पड़े मिले। देखते ही देखते इन संदिग्ध बॉक्स की खबर गांव में फैल गई और कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद लोगों ने तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए। किसी ने इसे टोना-टोटका बताया, तो किसी ने काला जादू और तांत्रिक क्रिया की आशंका जता दी। आखिरकार मामले की सूचना छुईखदान पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ और बढ़ती अफवाहों के बीच पुलिस ने सावधानीपूर्वक दोनों बॉक्स खोला। जैसे ही डिब्बों का ढक्कन खुला, वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। अंदर से चूड़ी, साड़ी, चावल, नारियल और नींबू जैसी सामग्री निकली।
सामान देखकर गांव में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया। किसी ने इसे शादी-ब्याह का सामान बताया, तो कुछ लोग अब भी इसे रहस्यमयी घटना मान रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। थाना प्रभारी बिलकिस खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला शादी समारोह से जुड़ी सामग्री का लग रहा है, जो संभवतः रास्ते में छूट गई होगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
समयसीमा और गुणवत्ता पर फोकस : मंत्री राजवाड़े ने सड़क निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
Sun, May 10, 2026
रायपुर।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिलफिली-लटोरी मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। मंत्री राजवाड़े ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन और आम नागरिकों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने के भी निर्देश दिए।
मातृ दिवस पर मंत्री : राजवाड़े ने दी शुभकामनाएँ
Sun, May 10, 2026
रायपुर।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेश की समस्त माताओं को मातृ दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि माँ जीवन की प्रथम गुरु, सबसे बड़ी प्रेरणा और हर परिस्थिति में अटूट संबल होती हैं। माँ का निस्वार्थ प्रेम, त्याग और आशीर्वाद ही परिवार, समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। मातृशक्ति के स्नेह और संस्कारों से ही समाज में संवेदनशीलता, नैतिकता और मानवता का विकास होता है।
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि माताओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए शासन निरंतर प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके स्वास्थ्य और पोषण को सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए माताओं को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सशक्त माँ ही सशक्त परिवार, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है, इसलिए मातृशक्ति का सम्मान और उत्थान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।