16 मई को जामटोली और कुनकुरी : में लगेंगे जनसमस्या निवारण शिविर
Sat, May 9, 2026
00 जशपुर जनपद के 14 गांवों और नगर पंचायत कुनकुरी के 15 वार्डों के नागरिकों को मिलेगा लाभ
रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले में सुशासन तिहार 2026 के तहत जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 मई 2026 को जशपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम जामटोली तथा नगर पंचायत कुनकुरी में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जामटोली में आयोजित शिविर में जामटोली, बड़ाबनाई, जुरतेला, पुत्रीचौरा, पिलखी, साईटांगरटोली, पोड़ी, लोदाम, बाम्हनपुरा, चौलीटांगरटोली, पोरतेंगा, झोलंगा, जकबा और लोखण्डी सहित 14 गांवों के ग्रामीण अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
इसी प्रकार नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के नागरिक भी शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। उल्लेखनीय है कि कुनकुरी नगरीय निकाय का यह शिविर पूर्व में 11 मई 2026 को प्रस्तावित था, जिसे संशोधित कर अब 16 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। सुशासन तिहार के अंतर्गत नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। यह अभियान प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
जशपुर कलेक्टर ने शिविरों के सफल संचालन के लिए नोडल एवं विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के संबंधित शिविर में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
12-13 को होगी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, : संगठन और राजनीति पर होगा मंथन
Sat, May 9, 2026
रायपुर।
आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक रायपुर में 12 और 13 मई को आयोजित की जाएगी, जिसमें पार्टी के प्रदेश प्रभारी, जिला अध्यक्षों और कोर ग्रुप के सदस्य शामिल होंगे।
बैठक की जानकारी देते हुए केदार कश्यप ने बताया कि इस दौरान संगठन के मंडल और जिला प्रशिक्षण वर्ग की समीक्षा की जाएगी। साथ ही पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा भी तय की जाएगी। बैठक में भाजपा संगठन आने वाले महीनों के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति पर मंथन करेगा। इसमें जमीनी स्तर पर पार्टी को और मजबूत करने के लिए कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
बस्तर कमिश्नर ने ग्राम संबलपुर : और बम्हनी में बस्तर मुन्ने शिविर का किया निरीक्षण
Sat, May 9, 2026
कोंडागांव।
बस्तर संभाग के कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने आज कोंडागांव जिले के ग्राम संबलपुर और बम्हनी में आयोजित बस्तर मुन्ने शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने शिविर में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र एवं राशन कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र ग्रामीणों के दस्तावेजों का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने फ़ौती नामांतरण के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के आधार कार्ड बनाने और त्रुटि सुधार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आधार कार्ड शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया। ग्राम संबलपुर में 06 हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र, 06 को आयुष्मान कार्ड, 10 को बी-1 खसरा, 03 को मतदाता परिचय पत्र, 15 को जाति प्रमाण पत्र तथा 03 हितग्राहियों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए। वहीं ग्राम बम्हनी में राजस्व विभाग द्वारा 07 बी-1 नकल एवं 02 डिजिटल किताब वितरित की गई। इसके अलावा मनरेगा के 04 जॉब कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 01 आयुष्मान कार्ड, 02 जन्म प्रमाण पत्र, 05 मतदाता परिचय पत्र, 05 जाति प्रमाण पत्र तथा 02 विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। शिविर में गांव के प्रतिभावान स्कूली बच्चों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।