बेमेतरा में नए आरक्षकों : को मिला नियुक्ति पत्र
Fri, Apr 17, 2026
बेमेतरा।
पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग 2023-24 आरक्षक भर्ती के अंतर्गत दुर्ग रेंज में बेमेतरा जिले के रिक्त आरक्षक (जी.डी.) पद के लिए चयनित नवनियुक्त आरक्षकों के दस्तावेजों एवं चरित्र सत्यापन उपरांत उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर 03 नवनियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया जिनमें देवेन्द्र जंघेल, खेमसिंह राजपूत, अविनाश शामिल है।
इस दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने चयनित नवनियुक्त आरक्षकों को पूरी ईमानदारी, अनुशासन एवं निष्ठा के साथ आम जनता की सेवा करने हेतु प्रेरित किया तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने नवनियुक्त आरक्षकों को सेवा, अनुशासन, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश देते हुए पुलिस सेवा के उद्देश्य के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, जेल अधीक्षक राहुल पांडेय, स्टेनो संतोष सोनवानी, सउनि (अ) महेन्द्र भूआर्य, आरक्षक अमरदीप लहरे, प्रवीण ठाकुर सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
वेदांता प्लांट हादसे में कंपनी के चेयरमेन : अनिल अग्रवाल समेत 10 पर एफआईआर दर्ज
Fri, Apr 17, 2026
जांजगीर चंपा।
सक्ती जिले में स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में हुआ भीषण बॉयलर हादसा अब कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई के केंद्र में आ गया है। इस दर्दनाक घटना में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 36 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से 16 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। मृतकों में छत्तीसगढ़ के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के श्रमिक शामिल हैं, जो रोज़ी-रोटी के लिए यहां काम कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए डभरा थाने में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस एफआईआर में कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल सहित 8 से 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। औद्योगिक सुरक्षा विभाग की जांच में सामने आया कि बॉयलर फर्नेस के अंदर अत्यधिक मात्रा में फ्यूल जमा हो गया था, जिससे अचानक अत्यधिक दबाव बना। यह दबाव 1 से 2 सेकेंड के भीतर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया, जिससे बॉयलर के निचले हिस्से का पाइप अपनी स्थिति से हट गया और विस्फोट हो गया। 14 अप्रैल को दोपहर 2:33 बजे यह हादसा हुआ, जब 2028 टीपीएच क्षमता वाले वाटर ट्यूब बॉयलर में अचानक प्रेशर बढ़ा। इतनी तेज़ी से दबाव बढ़ा कि सिस्टम को बंद करने या किसी भी आपात नियंत्रण का समय ही नहीं मिला। परिणामस्वरूप अंदर विस्फोट हुआ और बाहरी पाइपलाइन भी इसकी चपेट में आ गई।
नक्सलमुक्त क्षेत्रों में विकास कार्य : को गति देने प्रशासन कर रही है प्रयास - कलेक्टर
Fri, Apr 17, 2026
जगदलपुर।
बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड के सुदूर अंचल स्थित पॉवेल गांव में कलेक्टर आकाश छिकारा ने गुरुवार को चैपाल लगाकर ग्रामीणों के साथ संवाद किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित इस गांव तक पहुंचने के लिए कलेक्टर श्री छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने दंतेवाड़ा जिले के बारसूर होकर पहुंचे। चौपाल के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन की प्राथमिकता में पूरा बस्तर संभाग है, नक्सलमुक्त क्षेत्रों में विकास कार्य को गति देने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वस्थ बस्तर अभियान का क्रियान्वयन में आवश्यक सहयोग कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने आगामी तीन माह के राशन की व्यवस्था गांव में करवाने के निर्देश दिए। आगामी दिनों में राशन सामग्री वितरण के लिए शासकीय राशन दुकान हेतु भवन निर्माण की स्वीकृति दी ताकि उसी से हितग्राहियों को गांव में राशन सामग्री उपलब्ध हो। उन्होंने ग्रामीणों को वन अधिकार पट्टा, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना और मातृ वंदन योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही पशुपालन और मत्स्यपालन विभाग की योजनाओं से लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया। इसके साथ ही राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए, आधार कार्ड निर्माण, सामाजिक पेंशन की स्थिति, महतारी वंदन योजना, मातृत्व वंदन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना, बैंकिंग सुविधा, मनरेगा जॉब कार्ड की स्थिति, स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय बनाने, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि पूर्व में असामाजिक तत्वों के कारण विकास से दूर रहे क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच ही विकास को बढ़ावा दे रही है। गांव के युवाओं को पूरी शिक्षा दिलवायें ताकि युवा अपने भविष्य को बेहतर कर सकें। पुलिस से किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो नजदीकी थाने में जाकर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस विभाग ने पुलिस भर्ती के प्रशिक्षण की व्यवस्था बनाई है। युवा जो रोजगार की तलाश में हैं वे इसका लाभ ले सकते हैं ।
स अवसर पर अधिकारियों ने 56 नए राशन कार्ड, आधार कार्ड और वन अधिकार मान्यता पत्र का वितरण किया। साथ ही बच्चों को चॉकलेट, बिस्किट, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतल वितरित की। पॉवेल चैपाल में सहायक कलेक्टर विपिन दुबे, लोहंडीगुड़ा एसडीएम नीतीश वर्मा, तहसीलदार कैलाश पोयाम, जनपद सीईओ धनेश्वर पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।