दिल दहला देने वाली वारदात : धारदार हंसिए से वारकर बेटी ने की पिता की हत्या, इस बात से थी नाराज
Wed, Feb 11, 2026
कोरबा।
मां बाप का प्याक और चिंता, उनकी सख्ती या नाराजगी अक्सर नफरत से नहीं, बल्कि बच्चों को गलत रास्ते से बचाने की गहरी चिंता से उपजती है। वे चाहते हैं कि बच्चा सही-गलत समझे और जीवन में सफल हो। लेकिन क्या हो अगर बच्चों को गलत रास्ते पर न जाने की नसीहत देना एक पिता की मौत की वजह बन जाए। दरअसल, कोरबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक बेटी ने अपने ही पिता की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला कोरबा के ग्राम रलिया थाना क्षेत्र का है। जहां एक बेटी ने हंसिए से अपने बुजुर्ग पिता के सीने व सिर पर जानलेवा हमला कर मौत के घाट उतार दिया। बताया गया कि, आरोपी बेटी गीता निषाद जो की कोरबा में रहती थी, कुछ दिनों के लिए अपने पिता अशोक निषाद के घर ग्राम रलिया आई हुई थी।
बताया गया कि, पिता को बेटी के जीवन-यापन, भरण-पोषण के तौर- तरीके को लेकर ऐतराज था और उस रास्ते को वह गलत बताते हुए ऐसा न करने की नसीहत दे रहे थे। लेकिन बेटी को यह समझाइश नागवार गुजरी और उसने घर में मौजूद हसियां से पिता को मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बेटी को हिरासत में लेकर हसियां जब्त किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
CGPSC SSE परीक्षा 22 फरवरी को : दो पालियों में होंगे एग्जाम
Tue, Feb 10, 2026
रायपुर।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा (2025) प्रदेश के सभी 33 जिलों के परीक्षा केन्द्रों में 22 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी।
लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक से मिली जानकारी अनुसार यह परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली में जनरल स्टडीज हेतु प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक और द्वितीय पाली में एप्टीट्यूट टेस्ट हेतु दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगा। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि के 10 दिवस पूर्व जारी होगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाईट
www.psc.cg.gov.in
से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
13 फरवरी से सजेगा तीन दिवसीय : ’मैनपाट महोत्सव’ का मंच
Tue, Feb 10, 2026
रायपुर।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले का मैनपाट एक प्रमुख हिल स्टेशन है, जिसे अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ठंडी जलवायु और तिब्बती संस्कृति के कारण ’छत्तीसगढ़ का शिमला’ और ’छोटा तिब्बत’ भी कहा जाता है। मैनपाट के रोपाखार जलाशय के समीप आगामी 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय ’मैनपाट महोत्सव’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मैनपाट को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाना तथा स्थानीय लोक कला व संस्कृति का संवर्धन करना है।
मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ में लोक गीत और आधुनिक संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रथम दिन 13 फरवरी को भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी अपनी गायकी से दर्शकों का उत्साह बढ़ाएंगे। साथ ही, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य लोक संस्कृति की छटा बिखेरेंगे। द्वितीय दिवस 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और ’इंडियन आइडल’ फेम वैशाली रायकवार अपनी सुरीली आवाज से शाम को यादगार बनाएंगी। वहीं समापन दिवस 15 फरवरी को महोत्सव का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर होंगी। इसके साथ ही रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
मैनपाट महोत्सव केवल संगीत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यटकों के लिए मनोरंजन का पैकेज होगा। महोत्सव स्थल पर एडवेंचर एक्टिविटी में पर्यटकों के लिए बोटिंग, साहसिक खेल और पारंपरिक दंगल का आयोजन किया जाएगा। फूड ज़ोन में सरगुजा के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ विभिन्न लजीज पकवानों का आनंद लिया जा सकेगा। प्रदर्शनी एवं मेला में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां शासन की योजनाओं और स्थानीय उत्पादों जैसे टाऊ और तिब्बती हस्तशिल्प का प्रदर्शन होगा।