विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ पर हमला : आरोपी गिरफ्तार
Fri, Nov 28, 2025
जिला प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई
जिले भर के बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने पुलिस को दिए कड़े निर्देश
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन ने की जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना
दुर्ग।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के संदर्भ में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारी पर हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की कठोर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
25 नवंबर 2025 को विधानसभा क्षेत्र 65 भिलाई नगर के बूथ क्रमांक 117 में कार्यरत बीएलओ श्री रूपेश कुमार पर आरोपी जावेद हुसैन ने शराब के नशे में अनायास हमला कर दिया। यह हमला राष्ट्रीय महत्व के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाला पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने घायल बीएलओ को तत्काल सुपेला अस्पताल में भर्ती कराया, बाद में उनका उपचार जिला अस्पताल दुर्ग में किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह अस्पताल पहुंचकर रूपेश जोशी से मुलाकात की और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी/सिविल सर्जन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पुलिस को सभी क्षेत्रों में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग हेतु आदेश दिए। बीएलओ रूपेश की स्वास्थ्य स्थिति अब सामान्य है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तत्काल बीएलओ कार्य से मुक्त किया गया और उनके स्थान पर अन्य कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई। जिले में समस्त बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश पुलिस को प्रदान किए गए हैं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। फेडरेशन ने आश्वस्त किया कि सभी शिक्षक एसआईआर जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी बीएलओ और निर्वाचन कार्य में लगे शिक्षकों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें और किसी भी बहकावे में न आएं।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त बैठक कर बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना तैयार की है। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। समस्त पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी थाना प्रभारी के मोबाईल नंबर बूथ लेवल अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए हैं। महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मतदान केंद्र क्षेत्रों में विशेष निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। बीएलओ को पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सूचना दी जा सके और तत्काल कानूनी कार्रवाई की जा सके।
जिला कार्यालय दुर्ग में आयोजित बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अभिषेक अग्रवाल,
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 65 भिलाई नगर योगिता देवांगन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री हितेश पिस्दा तथा शिक्षक फेडरेशन के जिला पदाधिकारी कृष्ण कुमार वर्मा, चेतन सिंह परिहार, उत्तम ठाकुर एवं सतीश चंद्राकर उपस्थित रहे।
SIR सर्वे में लगे BLO पर जानलेवा हमला : ईंट मारकर फोड़ा सिर, आरोपी गिरफ
Thu, Nov 27, 2025
भिलाई।
छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बीएलओ पर हमला करने का मामला सामने आया है। भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में एक युवक ने नशे की हालत में बीएलओ पर पत्थर से वार कर दिया। हमले में बीएलओ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, बीएलओ रूपेश कुमार जोशी निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वार्ड-44, गोकुल नगर इलाके में घर-घर सर्वे कर रहे थे। उनके साथ निगम कर्मचारी पी. कार्तिक और दिनेश भी मौजूद थे। दोपहर करीब 1 बजे मोहल्ले के ही युवक जावेद हुसैन ने बीएलओ से बहस शुरू कर दी। उसने सर्वे करने से मना करते हुए धमकी दी कि “यहां से भाग जाओ, नहीं तो मार दूंगा।” इसके बाद उसने पत्थर उठाकर बीएलओ के सिर पर वार कर दिया।
मौके पर मौजूद निगम कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह बीएलओ को बचाया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उन्होंने रोकने की कोशिश नहीं की होती, तो आरोपी जावेद बीएलओ की जान भी ले सकता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद छावनी एसडीएम हितेश पिस्दा और खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना मंगलवार की है। पुलिस मामले को गंभीर मानते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
अभिरक्षा से फरार हुआ आरोपी : एसएसपी ने किया तीन आरक्षकों को लाइन अटैच
Tue, Nov 25, 2025
दुर्ग।
अभिरक्षा से कैदी के फरार होने के मामले में एसएसपी विजय अग्रवाल ने तीन आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है। आरोपी कर भागने पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर निलंबन की कार्यवाही की गई है।
जामुल थाना के अपराध क्रमांक 918/2028 धारा 85,115(2) बीएनएस के आरोपी हेमन्त अग्रवाल के फरार होने के मामले में कार्यवाही की है। आरोपी के भागने पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर प्रधान आरक्षक दिनेश कुमार और आरक्षक रत्नेश कुमार शुक्ला, चेतमान गुरुंग तीनों थाना जामुल को एसएसपी विजय अग्रवाल ने लाइन अटैच कर दिया है।