: चुनाव हारने के बाद मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर कसा तंज,कहा-अब मैं एक 1 साल तक छुट्टी पर रहूंगा
Jagbhan Yadav
Wed, Jun 5, 2024
चुनाव हारने के बाद मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर कसा तंज,कहा-अब मैं एक 1 साल तक छुट्टी पर रहूंगा
रायबरेली।लोकसभा चुनाव में रायबरेली से राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को हार का जबरदस्त स्वाद चखाते हुए जीत का झंडा लहराया है। राहुल गांधी ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत दर्ज की है।चुनाव हारने के बाद दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर बड़ा बयान दिया है। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि यह हार दिनेश प्रताप सिंह सहित पूरी भारतीय जनता पार्टी के लिए चिंतन का विषय है कि आखिर हमारी यहां पर हार क्यों हुई।यही नहीं जहां 500 वर्षों के बाद भगवान राम का मंदिर बनाया गया, एयरपोर्ट बनाया गया, बुनियादी संरचना का विकास किया गया, वहां भी भाजपा हार गई। ऐसे में निसंदेह यह हमारे लिए गंभीर चिंता का विषय है।

रायबरेली से राहुल गांधी ने बड़ी जीत दर्ज की है। राहुल गांधी भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह को 390030 वोटों से हराया है।करारी हार के बाद दिनेश प्रताप सिंह का बयान सामने आया है। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि मुझे लगता है कि इसके पीछे भ्रम पैदा किया गया। हम इस भ्रम को दूर करेंगे और कोशिश करेंगे कि निकट भविष्य में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल बने, ताकि भाजपा का जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जा सके। दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर कहा कि मैं उन्हें बधाई देना चाहूंगा वो रायबरेली की जनता की सेवा करें,लोगों के विकास के लिए काम करें। हो सकता है लोगों ने उम्मीदों के साथ उन्हें चुना हो।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को रायबरेली की जनता के साथ संवाद स्थापित करना होगा। उन्हें हर रविवार और शनिवार को रायबरेली की जनता के साथ बैठक करनी चाहिए और उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए ताकि उनके लिए भविष्य की योजनाएं तैयार कर सकें।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को रायबरेली की जनता के साथ पारिवारिक संबंध स्थापित करना होगा,लोग जब कभी-भी उन्हें बुलाए तो उनके बीच जाना होगा। मुझे लगता है कि जिन दायित्वों के साथ रायबरेली की जनता ने राहुल गांधी को जिताया है उसे वो जरूर पूरा करेंगे। मैं इस दिशा में राहुल गांधी को सकारात्मक सहयोग दूंगा। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि 2019 से 2024 तक रायबरेली की जनता ने हमें सेवा का अवसर नहीं दिया था, इसलिए मैं जिम्मेदारी से मुक्त था। अब मैं रायबरेली की जनता से एक साल का अवकाश चाहता हूं। मैं जो काम पहले हर रविवार और शनिवार को करता था, अब राहुल जी करेंगे।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि अब राहुल गांधी रायबरेली की जनता के साथ लगातार शनिवार और रविवार को बैठक करते रहेंगे। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी की ओर से जो भी निर्देश मिलेंगे, उसे मैं पूरा करता रहूंगा। मुझे पूरा विश्वास है कि जिन लोगों ने राहुल जी को वोट दिया है, वो उनकी सेवा के लिए जरूर आगे आएंगे।

Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन