: निकाय चुनाव के तारीख की घोषणा के साथ ही दावेदार हुए सक्रिय
Wed, Jan 22, 2025
टिकट के लिए कर रहे मशक्कत
कुम्हारी। नगरीय निकाय चुनाव के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होते ही नगर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई थी, वहीं 20 जनवरी को चुनाव के तारीख की घोषणा के साथ ही दोनों ही प्रमुख पार्टियों के दावेदार अपने–अपने स्तर पर जन संपर्क में जुट गए हैं।
बता दे कि इस बार कुम्हारी पालिका में अध्यक्ष पद हेतु महिला ओबीसी होने के कारण दावेदारों में सक्रियता कुछ ज्यादा ही दिखाई देने लगी है। वहीं वार्डो के परिसीमन के बाद कई पूर्व पार्षद भी अपने लिए नई जगह तलाशने में जुट गए हैं। परिसीमन से कई वार्डो के सशक्त दावेदारों को भी अपनी जमीन तलाशने में थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा हैं।
विगत 10 वर्षों के बाद महिला ओबीसी
विगत 10 वर्षों के बाद इस बार अध्यक्ष पद के लिए महिला ओबीसी होने की वजह से यहां कड़ा मुकाबला होने की प्रबल संभावना है। हमेशा की तरह इस बार भी मुख्य राजनैतिक दलों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अपने–अपने प्रत्याशी के साथ इस चुनाव में अपना प्रतिनिधि बनाने के लिए चुनावी गुणा भाग में लगी हुई है।
पिछले दिनों स्थानीय भाजपा की बैठक में अध्यक्ष और पार्षद पद के दावेदारों ने अपनी दावेदारी आलाकमान तक पहुंचा दी हैं, वहीं कांग्रेस की ओर से संभावित नाम तो उभरे है लेकिन इस दौड़ में शायद कुछ नाम और उभर कर सामने आ सकते है। अगर निर्दलीय प्रत्याशियों की बात करे तो अब तक पार्टी से इतर कोई चेहरा सामने नहीं आया हैं जिसकी दावेदारी को लेकर कोई चर्चा हो रही हो।
अगर देखें तो इस मामले में भाजपा की ओर से दावेदारों की लंबी सूची हैं जिन्होंने स्वयं को प्रबल दावेदार मानकर टिकट की मांग की हैं वहीं कांग्रेस में संख्या कम है। इस बार दोनों ही पार्टी के दावेदार पढ़े लिखे, सुलझे हुए और अपनी–अपनी पार्टी के लिए समर्पित लोग हैं लगता है।
इस बार पार्टी को दावेदारों की फेहरिस्त देखकर गहन विचार, चिंतन और उनके कार्यों को देखकर ही फैसला करना पड़ेगा। जहां भाजपा के दावेदारों के फेहरिस्त को लगभग विराम लग गया है वहीं कांग्रेस ने अभी भी दावेदारों के लिए रास्ते खुले रख छोड़े है।
चुनाव के तारीख के घोषणा के साथ ही तमाम दावेदार सक्रिय होकर जनसंपर्क में जुट गए हैं जहां कांग्रेस के दावेदार विकास के मुद्दे को लेकर ताल ठोक रहे है वहीं भाजपा के लोग सत्ता में आने के पश्चात नगर के चहुमुखी विकास को लेकर अपनी बात कहते सुने जा रहे है।
भाजपा से आठ और कांग्रेस से पांच ने प्रस्तुत की अपनी दावेदारी
भाजपा के दावेदारों में प्रमुख रूप से श्रीमती योगिता वर्मा, श्रीमती रागिनी निषाद, श्रीमती तृप्ति चंद्राकर, श्रीमती बबीता साहू, श्रीमती मीना वर्मा, श्रीमती रितिका यादव, श्रीमती संध्या साहू एवं श्रीमती कंचन लता चंद्राकर प्रमुख हैं। भाजपा के ये सभी दावेदार उच्च शिक्षित सामाजिक गतिविधियों में अग्रणीय एवं पार्टी में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए जाने जाते हैं। इनमें से कुछ पूर्व में पार्षद तो कुछ के पति पार्षद रह चुके है सभी की अपनी अपनी योग्यताएं है जिसके दम पर इन्होंने टिकट के लिए ताल ठोकी हैं।
बीजेपी से दावेदारी
इसी तरह कांग्रेस के दावेदारों में प्रमुख रूप से श्रीमती रामप्यारी पटेल, श्रीमती प्रियंका चंद्राकर, श्रीमती बेबी वर्मा, श्रीमती गीतांजलि साहू एवं श्रीमती मीना साहू भी उच्चशिक्षित, सामाजिक एवं पार्टी स्तर पर अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं। इसमें से ज्यादातर दावेदारों के पति लगातार पार्षद पद में रहकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते रहे हैं।
कांग्रेस से दावेदारी
बहरहाल, नगरीय निकाय के इस चुनाव में दोनों राजनीतिक दल किसे अपना उम्मीदवार चुनती है यह तो आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन दोनों ही पार्टियों के समक्ष यह तो चुनौती अवश्य हैं कि भाजपा को 10 वर्ष के पश्चात नगर पालिका में काबिज होने का मौका मिलेगा या कांग्रेस गत वर्षों की अपनी विजयी परंपरा को क़ायम रख पाएगी?
: प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
Sun, Jan 19, 2025
कुम्हारी। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के नगर आगमन पर कुम्हारी भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा टोल प्लाजा के पास हार, गुलाब और ढोल बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया।
किरण सिंहदेव के नगर आगमन पर समस्त कुम्हारी भाजपा कार्यकर्ताओं में गर्मजोशी देखी गई ।
स्वागत करने वालों में कुम्हारी भाजपा मण्डल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिन्हा, रामकुमार सोनी, अशोक दीवान, राकेश पाण्डेय, माखन कोसरिया, पन्नालाल साहू, मिथलेश यादव ,दीपक चतुर्वेदी, राजू निषाद, लोकेश साहू, अनुराग गुप्ता, पी एन दुबे, राजकुमार सिंह, आलोक दुबे, बिसेलाल साहू, ओंकार मारकंडे पार्षद, अश्वनी देशलहरे, तिलक परिहार, पुरणेंद्र साहू, ओमेंद्र साहू, पंकज वर्मा, प्रणव श्रीवास्तव, सुजीत यादव, वीरू सिंह, कैलाश सोनकर, विकास सोनकर, श्रीमती मीना वर्मा, रागिनी निषाद, तृप्ति चन्द्राकर, इंदिरा कोसरिया, बबीता साहू, कंचनलता चन्द्राकर, गीता निर्मलकर, शकुन खैरवार, सुनीता कुर्रे, जूली सिंह एवं राधा ठाकरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
: वह समय दूर नहीं जब देश में पहली बुलेट ट्रेन दौड़ेगी : पीएम मोदी
Mon, Jan 6, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए जम्मू रेलवे मंडल और चरलापल्ली स्थित नए टर्मिनल का किया उद्घाटन…
नईदिल्ली (ए)।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज देश विकसित भारत की संकल्प सिद्धी में जुटा है और इसमें भारतीय रेलवे का विकास अहम है। पिछला एक दशक भारतीय रेलवे के ऐतिहासिक परिवर्तनों का रहा है। अब वह समय दूर नहीं है जब जल्द ही देश में बुलेट ट्रेन दौड़ेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नए जम्मू रेलवे मंडल और तेलंगाना में चरलापल्ली स्थित नए टर्मिनल स्टेशन के उद्घाटन तथा ईस्ट कोस्ट रेलवे के रायगढ़ा रेलवे मंडल भवन के शिलान्यास करने के बाद संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछला एक दशक भारतीय रेलवे के ऐतिहासिक परिवर्तनों का रहा है। रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में एक बड़ा बदलाव आया है। आज देश विकसित भारत की संकल्पसिद्धी में जुटा है और इसमें भारतीय रेलवे का विकास अहम है। इससे देश की छवि बदली है और देशवासियों का मनोबल भी बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि भारत में रेलवे के विकास को हम चार पैरामीटर्स पर आगे बढ़ा रहे हैं। पहला- रेलवे के इंफ्रार्स्ट्कचर का आधुनिकीकरण, रेलवे के यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, रेलवे की देश के कोने-कोने में कनेक्टिविटी और रेलवे से रोजगार का निर्माण, उद्योगों को सपोर्ट।
आज के इस कार्यक्रम में भी इसी विजन की झलक दिखाई दे रही है। मोदी ने कहा कि 2-3 दिन पहले उन्होंने एक वीडियो देखा, जिसमें वंदे भारत ट्रेन का नया स्लीपर वर्जन ट्रायल के तौर पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रहा था। उन्होंने कहा कि यह देखकर सभी देशवासियों को अच्छा लग रहा है। मोदी ने कहा कि यह तो बस शुरूआत है वह समय दूर नहीं जब देश में पहली बुलेट ट्रेन दौड़ेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में रेल कनेक्टिविटी का भी अद्भुत विस्तार हुआ है। वर्ष 2014 तक देश में सिर्फ 35 प्रतिशत रेल लाइनों का विद्युतीकरण हुआ था। आज भारत, रेल लाइनों के शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के करीब है।
इसके अलावा, हमने रेलवे की पहुंच को भी लगातार विस्तार किया है। बीते 10 वर्षों में 30 हजार किमी. से ज्यादा नए रेलवे ट्रैक बिछाए गए हैं। साथ ही सड़क संपर्क बढ़ाने के लिए हजारों ओवरपास और अंडरपास भी बनाए गए हैं। मोदी ने कहा कि लोग कम समय में लंबी दूरी तय करना चाहते हैं, इसलिए हमने पूरे देश में हाई-स्पीड ट्रेनों की भारी मांग देखी है।
आज, देशभर में 136 वंदे भारत ट्रेनें 50 से अधिक मार्गों पर चल रही हैं, जिससे लोगों को यात्रा करना आरामदायक व सुविधाजनक हो गई है। उन्होंने कहा कि हमारा जम्मू-कश्मीर आज रेल इंफ्रास्ट्रक्चर में नए रिकॉर्ड बना रहा है।
उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन की चर्चा आज पूरे देश में है। ये परियोजना जम्मू-कश्मीर को देश के और हिस्सों के साथ और बेहतरी से जोड़ेगी। इसी परियोजना के तहत दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब का काम पूरा हुआ है।