टोल प्लाजा पर अब नहीं चलेगा कैश : 1 अप्रैल से छत्तीसगढ़ में भी लागू होगा नियम
Sat, Feb 21, 2026
रायपुर|
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण देशभर के राष्ट्रीय राजमार्ग टोल प्लाजा पर भुगतान की व्यवस्था को सुधारना चाहता है। यही कारण है कि अब टोल प्लाजा पर बिना फास्टैग गाडि़यों से नकद भुगतान लेना बंद कर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य शतप्रतिशत गाडि़यों में फास्टैग लगवाना भी है। एक अप्रैल से केवल फास्टैग और यूपीआई के जरिए ही टोल टैक्स लिया जाएगा। इस नियम के दायरे में रायपुर- बिलासपुर से लेकर रायपुर- राजनांदगांव और महासमुंद, कोरबा, अंबिकापुर के मार्ग आएंगे।
प्राधिकरण ने संकेत दिया है कि इस पर विचार चल रहा है और जल्द ही फैसला लिया जा सकता है। नए नियम के बाद टोल नाकों पर केवल डिजिटल लेन- देन हो सकेगा। माना जा रहा है कि इससे समय बचेगा और संचालन की दक्षता में सुधार होगा। इस बदलाव से माना जा रहा है कि लेन में वाहनों की कतार कम होने से भीड़भाड़ को कम किया जा सकेा।
अभी ज्यादातर वाहन चालकों की शिकायत टोल प्लाजा पर भीड़ की रहती है। भीड़ के कारण अव्यवस्था होती है और वाहन चालक समय ज्यादा लगने पर टोल प्लाजा में बिना भुगतान देने की बात पर बहस करने लगते हैं। अभी करीब 98 प्रतिशत वाहनों में फास्टैग लगाए जा चुके हैं। जबकि केंद्र सरकार का फोकस सभी वाहनों में फास्टैग लगाना है। इसके अतिरिक्त फास्टैग को समाप्त कर सैटेलाइट के जरिए वाहनों से टोल टैक्स लेने की तकनीक पर भी काम किया जा चुका है। इसके बाद टोल नाके ही खत्म कर दिए जाएंगे।
अभी जिन वाहनों पर फास्टैग नहीं लगा होता है उनसे तय टोल टैक्स का दुगुना वसूला जाता है और भुगतान नकद भी लिया जाता है। जबकि यूपीआई से भुगतान करने पर 1.25 प्रतिशत अधिक टैक्स लिया जाता है। ऐसा कर ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा दिया जा रहा है। कुछ टोल प्लाजा पर यूपीआई से भुगतान की सुविधा शुरू की जा चुकी है, इस कारण नकद को बंद करने पर विचार किया जा रहा है। देशभर में अभी 1150 टोल नाकों का संचालन किया जा रहा है, इनमें एक्सप्रेस-वे के नाके भी शामिल हैं।
शतक फिल्म राष्ट्रसेवा का जीवंत दस्तावेज : राजवाड़े
Sat, Feb 21, 2026
00 महिला बाल विकास मंत्री ने प्रथम दिवस देखी फिल्म, युवाओं से की प्रेरणा लेने की अपील
रायपुर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की प्रेरक यात्रा पर बनी फिल्म ‘शतक’ के रिलीज के पहले दिन महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने फिल्म देखी। इस फिल्म में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी यात्रा, संगठन की शक्ति, अनुशासन, सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों की समृद्ध परंपरा का भावनात्मक एवं प्रभावशाली चित्रण किया गया है। यह फिल्म राष्ट्र जीवन में संघ के योगदान, त्याग और समर्पण की प्रेरक गाथा को दर्शाती है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि रिलीज के पहले दिन ‘शतक’ फिल्म देखकर मुझे अत्यंत गर्व और आत्मिक संतोष का अनुभव हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ‘शतक’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और संगठन की शक्ति का जीवंत दस्तावेज है। राजवाड़े ने प्रदेश के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आग्रह किया है कि वे इस प्रेरणादायी फिल्म को अवश्य देखें और राष्ट्र निर्माण के इस महान विचार से प्रेरणा लें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय : ने वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय मधुकर खेर की जयंती पर किया स्मरण
Sat, Feb 21, 2026
रायपुर:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय मधुकर खेर की जयंती (21 फरवरी) पर उन्हें स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हिन्दी एवं अंग्रेजी पत्रकारिता को सशक्त स्वरूप प्रदान करने में स्वर्गीय मधुकर खेर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय खेर ने अपनी निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनोन्मुखी पत्रकारिता के माध्यम से समाज में जागरूकता का विस्तार किया। उन्होंने आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर शासन-प्रशासन का ध्यान जनहित के विषयों की ओर आकर्षित किया और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मधुकर खेर की लेखनी सामाजिक सरोकारों से गहराई से जुड़ी रही। उन्होंने प्रदेश में जिम्मेदार, मूल्यनिष्ठ और स्वस्थ पत्रकारिता की मजबूत परंपरा स्थापित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय खेर का समर्पण, उनकी कार्यशैली और उनके उच्च आदर्श आज भी प्रदेश के पत्रकारों तथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार और सिद्धांत हमें निष्पक्ष, सशक्त एवं समाजोन्मुखी पत्रकारिता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।