पीएम जनमन : आवास योजना से जगदीश बैगा के पक्के घर का सपना हुआ साकार…..
Fri, Feb 13, 2026
रायपुर:
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत विकासखण्ड गौरेला के ग्राम पंचायत अंधियारखोह के श्री जगदीश बैगा के पक्के घर का सपना साकार हो गया है। उन्हें वर्ष 2023-24 में पक्के आवास की स्वीकृति प्रदान की गई थी। योजना से पूर्व जगदीश बैगा अपने परिवार सहित कच्चे मकान में निवास कर रहे थे। कच्चे मकान में रहने के दौरान उन्हें जंगली कीड़े-मकोड़े, सांप, बिच्छू आदि का खतरा हमेशा सताते रहता था। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकने के कारण परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
सीमित आय के कारण पक्के मकान का निर्माण उनके लिए केवल एक सपना मात्र था। शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास निर्माण से जगदीश बैगा के जीवन में बड़ा बदलाव आया। अब जगदीश अपने परिवार के साथ पक्के आवास में सुरक्षित और सम्मान के साथ निवास कर रहे हैं। पीएम जनमन आवास जगदीश बैगा जैसे जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवन स्तर में सुधार का सशक्त माध्यम सिद्ध हो रहा है।
सुगम यातायात : और फास्ट ट्रैफिक के लिए बीते दो वर्षों में 15 फोर-लेन सड़कों के लिए 644.18 करोड़ स्वीकृत….
Fri, Feb 13, 2026
रायपुर:
ग्रामीण तथा शहरी दोनों क्षेत्रों में सुगम यातायात, फास्ट ट्रैफिक एवं सुव्यवस्थित परिवहन के लिए लोक निर्माण विभाग ने पिछले दो वर्षों में 15 फोर-लेन सड़कों के लिए 644 करोड़ 18 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने जन आकांक्षाओं को देखते हुए लोगों की सुविधाओं तथा चौड़ी एवं मजबूत सड़कों के निर्माण के लिए ये राशि मंजूर की हैं।
लोक निर्माण विभाग ने रायगढ़ जिले के मुख्य जिला मार्ग रायगढ़-लोइंग-महापल्ली के किमी 1 से किमी 5 तक विद्युतीकरण सहित फोर-लेन सड़क के निर्माण के लिए 81 करोड़ 47 लाख रुपए, ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना चौक तक 2.50 किमी में फोर-लेन के लिए 41 करोड़ 48 लाख रुपए तथा रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के किमी 1 से किमी 5 तक फोर-लेन निर्माण एवं विद्युतीकरण के लिए 55 करोड़ 28 लाख रुपए मंजूर किए हैं। विभाग ने संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किमी फोर-लेन सड़क के लिए 61 करोड़ 34 लाख रुपए तथा बिलासपुर में करीब 14 किमी लंबे कोनी-मोपका फोर-लेन बायपास के लिए 59 करोड़ 55 लाख रुपए की स्वीकृति दी है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा राजधानी रायपुर में 4.80 किमी लंबे शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना मार्ग के चौड़ीकरण व फोर-लेन निर्माण के लिए 22 करोड़ 78 लाख रुपए तथा गुढ़ियारी के शुकवारी बाजार से रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर-5 रेलवे फाटक तक 5 किमी फोर-लेन के लिए 26 करोड़ 52 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। विभाग ने रायपुर जिले के भैंसा-भंडार-तेलासी-सिरपुर मार्ग के किमी 5/2 से किमी 10/10 तक फोर-लेन निर्माण के लिए 32 करोड़ 72 लाख रुपए एवं राजिम में 3.50 किमी लंबाई के नवीन मेला स्थल (चाबेबांधा) से लक्ष्मण झूला तक फोर-लेन के लिए 34 करोड़ 19 लाख रुपए की मंजूरी दी है।
विभाग द्वारा दुर्ग में मिनी माता चौक से महाराजा चौक-ठगड़ा बांध तक 4.70 किमी फोर-लेन के लिए 28 करोड़ 57 लाख रुपए, महाराजा चौक से बोरसी चौक तक 1.80 किमी फोर-लेन के लिए 23 करोड़ 96 लाख रुपए तथा भिलाई में 7 किमी लंबे स्मृति नगर पेट्रोल पंप से आईआईटी जेवरा सिरसा तक फोर-लेन के लिए 20 करोड़ 64 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। धमतरी में सिहावा चौक से नहर नाका तक 5 किमी फोर-लेन सड़क के लिए 59 करोड़ 6 लाख रुपए और राजनांदगांव-गुंडरदेही मार्ग में मुजगहन से रत्नाबांधा चौक धमतरी तक 5 किमी फोर-लेन के लिए 42 करोड़ 41 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग ने कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किमी 50 से किमी 57 तक 7 किमी के फोर-लेन में उन्नयन एवं डिवाइडर निर्माण के लिए 54 करोड़ 21 लाख रुपए भी स्वीकृत किए हैं।