: हमीरपुर : शादी के एक दिन पहले ही बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, हैरान हो गया कन्या पक्ष
Jagbhan Yadav
Thu, Feb 29, 2024
Hamirpur News : कुरारा थाना क्षेत्र के सिकरौड़ी गांव निवासी स्वर्गीय रामफल अनुरागी की पुत्री रेखा की शादी सदर कोतवाली के पारा पुरवा गांव के बेटा राम के साथ तय हुई थी। शादी की तारीख 27 फरवरी निर्धारित की गई थी।

बेटा राम की भाभी कौशल्या ने बताया की कार्ड छपाई में 27 की जगह गलती से शादी की तारीख 26 फरवरी छप गई। उनके घर में कोई ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं है, इसलिए किसी ने तारीख पर गौर नहीं किया और रिश्ते नातेदारों को कार्ड भी बांट दिए। वहीं तय तिथि से पूर्व ही रिश्तेदारों का आना भी शुरू हो गया।
कार्ड में छपी तिथि के अनुसार वह लोग 26 फरवरी को बारात लेकर सिकरौड़ी गांव पहुंच गए। वहीं निर्धारित तिथि से एक दिन पहले कन्या पक्ष के दरवाजे पर जब वह बारात लेकर पहुंचे तब उन्हें पता चला कि शादी की तारीख 26 नहीं 27 फरवरी है। 1 दिन पहले दरवाजे पर खड़ी बारात देखकर कन्या पक्ष के लोग भी हैरान हो गए।

गांव निवासी अशोक कुमार पांडे ने बताया कि रेखा के पिता की मौत हो चुकी है। बारात एक दिन पहले आने से हर कोई हैरान था। बताया कि इसके बाद गांव के सभी लोगों ने मिलकर मदद की और रातों-रात बारात के स्वागत सत्कार की तैयारी पूरी की। हलवाई लगाकर भोजन तैयार कराया गया, जिसके बाद द्वारचार जयमाल आदि की रस्में भी पूरी करने के बाद मंगलवार सुबह बारात को विदा किया गया।

Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन