CG : सराफा व्यापारी से बड़ी लूट : 6 बदमाशों ने घाटी में रोककर किया हमला, 15 किलो चांदी और नकदी लेकर फरार
Jagbhan Yadav
Wed, Oct 28, 2026
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा व्यापारी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। दलदली के साप्ताहिक बाजार से बाइक पर घर लौट रहे व्यापारी को तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में छह बदमाशों ने रोक लिया। दो बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने व्यापारी से बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर डंडे से हमला कर दिया और चांदी के जेवरात समेत नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र की है। नक्शेदेखें
घाटी में घात लगाकर बैठे थे बदमाश
जानकारी के अनुसार, पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेद प्रकाश सोनी मंगलवार को दलदली में साप्ताहिक बाजार गए थे। बाजार से बाइक पर घर लौटते समय तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में दो बाइक पर सवार छह अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। व्यापारी के विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से हमला कर दिया और चांदी के जेवरात व नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
50 लाख की लूट की चर्चा, व्यापारी ने बताई अलग रकम
घटना के बाद व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जानकारी में करीब 50 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई थी। हालांकि, एसडीओपी अखिलेश कौशिक के अनुसार, प्रार्थी ने करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 15 किलो से अधिक चांदी लूटे जाने की शिकायत की है। लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जाना बाकी है।
FIR दर्ज, सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी
मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन