BREAKING : IGKV पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा: प्रोफेसर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
Jagbhan Yadav
Sat, Aug 22, 2026
36 घंटे के भीतर आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल की सतत मॉनिटरिंग में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही।
मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड है भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग का प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया।
100 से अधिक लोगों की पुलिस टीम ने 36 घंटे में किया पेपर लीक कांड का खुलासा।
कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं आसपास के जिलों में भेजी गई थीं पुलिस टीमें।
पेपर क्रय करने वाले सभी आरोपी है भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग के छात्र।
आरोपी के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 360/26 धारा 4, 5 एवं 10 छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 तथा धारा 316 बीएनएस का अपराध किया गया है पंजीबद्ध।
रायपुर :- प्रकरण का मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया है, जो भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, जिला दुर्ग में वर्ष 2019 से प्रोफेसर के पद पर पदस्थ है। पिछले लगभग एक वर्ष से वह कृषि महाविद्यालय, रायपुर में अपने महाविद्यालय की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने एवं आगामी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र प्राप्त कर उन्हें अपने कॉलेज तक ले जाने का कार्य कर रहा था। दिनांक 17.08.2026 को आरोपी भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने हेतु जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय, रायपुर आया था। उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने के पश्चात आरोपी द्वारा आगामी एक सप्ताह में आयोजित होने वाली परीक्षाओं के प्रश्न पत्र प्राप्त किए गए। प्रश्न पत्र अपने कॉलेज ले जाने के बाद आरोपी ने सभी प्रश्न पत्रों के लिफाफे कॉलेज में रख दिए, लेकिन दिनांक 20.08.2026 को आयोजित होने वाले एजीसीएच-221 (कीटशास्त्र) विषय के प्रश्न पत्र वाले लिफाफे को अपने साथ अपने घर ले गया। आरोपी ने अपने घर पर रखे प्रश्न पत्र के लिफाफे के साथ छेड़छाड़ करते हुए सुई एवं नुकीले उपकरण की सहायता से लिफाफे में छोटा छेद किया तथा उक्त छेद के माध्यम से मोबाइल कैमरा अंदर डालकर प्रश्न पत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद प्रश्न पत्र की सामग्री की नकल तैयार कर उसे अपने कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र अजय नायक एवं अन्य दो छात्रों को कुल 11,000/- रूपये में बेच दिया। इसके पश्चात आरोपी अजय नायक द्वारा उक्त प्रश्न पत्र त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज एवं आदित्य साहू को उपलब्ध कराया गया।
सभी 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण से संबंधित नगदी रकम 11,000/- रूपये, 06 नग मोबाईल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाईस, केबल तार, मोबाईल कनेक्टर, सुई, सुजा, कॉपी एवं फेविकोल जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
01. योगेश सोनकेसरिया पिता गुलाब चंद सोनकेसरिया उम्र 38 साल निवासी ग्राम भैरोगंज, तहसील, थाना व जिला सिवनी (म.प्र.)। हाल पता -चंदखुरी दुर्गा चौक थाना पुलगांव जिला दुर्ग।
02. अजय नायक पिता वीरेन्द्र कुमार नायक उम्र 20 साल निवासी ग्राम कुशभाटा पोस्ट नगरदा जिला बलौदा बाजार। हाल पता - मीनाक्षी नगर बोरसी जिला दुर्ग।
03. त्रिदेव पटेल पिता जगदीश पटेल उम्र 22 साल निवासी ग्राम कनकेवा थाना सरायपाली जिला महाससुंद। हाल पता - फेस 02 ब्लॉक ई 107 आनंद विहार जिला दुर्ग।
04. नितिन पाण्डेय पिता कुशल प्रसाद पाण्डेय उम्र 22 साल निवासी ग्राम आसना तामाकोनी थाना कोतवाली जिला बस्तर। हाल पता - मीनाक्षी नगर बोरसी जिला दुर्ग।
05. अनुज मिंज पिता रेनू मिंज उम्र 22 साल निवासी ग्राम पाकरगांव थाना पत्थलगांव जिला जशपुर। हाल पता - संजय साहू हॉस्टल पोटिया चौक जिला दुर्ग।
06. आदित्य साहू पिता लेखराम साहू उम्र 20 साल निवासी हथौद थाना बालोद जिला बालोद। हाल पता - मीनाक्षी नगर बोरसी जिला दुर्ग।


Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन