पेट्रोल संकट की अफवाहों पर रायपुर प्रशासन अलर्ट, : कलेक्टर ने बुलाई बड़ी बैठक; 24 घंटे दौड़ेंगे ईंधन टैंकर
Jagbhan Yadav
Fri, May 15, 2026
रायपुर। राजधानी रायपुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर बढ़ती अफवाहों और पैनिक बाइंग के बीच जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ऑयल कंपनियों के संचालकों और पेट्रोल पंप डीलर्स की अहम बैठक लेकर साफ निर्देश दिए कि शहर में किसी भी हालत में ईंधन की कमी नहीं होनी चाहिए और आम जनता को नियमित रूप से पेट्रोल-डीजल मिलता रहे।
कलेक्टर ने ऑयल कंपनियों को निर्देश दिए कि डिपो से पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बिना किसी देरी के जारी रखी जाए। अब तक सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होने वाली सप्लाई व्यवस्था को स्थिति सामान्य होने तक बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही शहर के भीतर ईंधन टैंकरों की 24 घंटे आवाजाही की अनुमति दी गई है ताकि किसी भी पेट्रोल पंप में स्टॉक खत्म न हो।
प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को अधिकतम समय तक पंप खुले रखने के निर्देश भी दिए हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने चेतावनी दी कि पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी या सप्लाई में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। प्रशासन ने आम नागरिकों से पैनिक बाइंग से बचने की अपील की है। वहीं कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर सूचना देने को कहा गया है।
प्रदेश एवं जिला पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धगट ने भी लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि शहर में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन