16 दिन पहले जिस शादी से किया था इनकार, अब उसी दूल्हे का थामा हाथ… : जांजगीर-चांपा में चर्चित मामले ने लिया नया मोड़
Jagbhan Yadav
Sun, Jul 12, 2026
जांजगीर-चांपा :- 23 जून को जांजगीर-चांपा जिले के कोसमंदा गांव में शादी के दिन दूल्हे के कथित रूप से नशे में होने की आशंका पर विवाह से इनकार करने वाली युवती मुस्कान ने अब उसी युवक संतराम से विवाह कर लिया है। 9 जुलाई को दोनों ने खोखरा गांव स्थित मनका दाई मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की।
यह मामला 23 जून को पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना था। शादी के दौरान मुस्कान ने दूल्हे को कथित रूप से नशे की हालत में देखकर शादी से इनकार कर दिया था। उनके इस फैसले की सराहना करते हुए जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने उन्हें महिला परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी भी सौंपी थी।
कैसे हुआ घटनाक्रम?
9 जुलाई की सुबह मुस्कान महिला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचीं। दोपहर में वहां से निकलने के बाद वह घर जाने के बजाय सीधे खोखरा गांव स्थित मनका दाई मंदिर पहुंचीं, जहां संतराम और उसके परिजनों की मौजूदगी में दोनों ने विधि-विधान से विवाह कर लिया।
परिजनों ने पुलिस को दी सूचना
शाम तक मुस्कान के घर नहीं लौटने और उनका मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मुस्कान संतराम के घर पर हैं। सीएसपी योगिता खापर्डे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पूछताछ के दौरान मुस्कान ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से संतराम से विवाह किया है और वह उनके साथ ही रहना चाहती हैं।
दोनों ने क्या कहा?
विवाह के बाद मुस्कान और संतराम ने बताया कि 23 जून की घटना के बाद भी दोनों लगातार संपर्क में रहे।
संतराम का कहना है कि वह शराब का सेवन नहीं करता। उसके अनुसार शादी वाले दिन उसकी कोल्ड ड्रिंक में किसी ने नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वह नशे में है।
वहीं मुस्कान ने कहा कि शुरुआत में उन्हें भी यही लगा था कि संतराम शराब के नशे में हैं, इसलिए उन्होंने शादी से इनकार किया था। बाद में दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसमें संतराम ने अपनी बात रखी। इसके बाद आपसी विश्वास और सहमति से दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया।
यह मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है, जहां 16 दिन पहले टूटी शादी अब आपसी सहमति और विश्वास के साथ नए रिश्ते में बदल गई है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन