Suicide : सीआरपीएफ कैंप में आरक्षक की पेड़ पर फांसी से लटकी मिली लाश, 15 साल से थे तैनात
Sun, Sep 6, 2026
बिलासपुर
. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पेड़ पर आरक्षक का शव फांसी से लटका मिला. वह शुक्रवार को ड्यूटी के बाद से लापता थे. मृतक की पहचान जयप्रकाश गहिर (33 साल) के रूप में हुई है. वह ओडिसा के बलांगीर जिले के ग्राम करबहाली के निवासी थे. पिछले 15 सालों से वह भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में पोस्टेड थे.
सकरी टीआई उमेश साहू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जयप्रकाश शुक्रवार सुबह ड्यूटी खत्म करने के बाद कैंप से लापता हो गया था. वह अपने घर भी नहीं पहुंचा. बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर से बाहर निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा.
पेड़ पर लटका मिला आरक्षक का शव
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को कुछ लोगों ने भरनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास एक पेड़ पर आरक्षक का शव फांसी पर लटके होने की सूचना दी. मौके पर तत्काल पुलिस को रवाना किया गया. साथ ही सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान भी मौके पर पहुंचे.
पंचनामा करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है. फिलहाल हर संभावित एंगल से पुलिस मामले की जांच कर रही है.
CG Weather : छत्तीसगढ़ में थमी बारिश की रफ्तार, आज रायपुर समेत इन इलाकों में बूंदाबांदी के आसार
Sun, Sep 6, 2026
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल अब धीमी होती नजर आ रही है। बीते दिनों की तुलना में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है और प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम फिलहाल सामान्य बना हुआ है। हालांकि रविवार को कुछ इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। रायपुर समेत प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश का दायरा काफी हद तक सक्रिय मौसम प्रणालियों पर निर्भर करेगा। फिलहाल प्रदेश में कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिसके कारण लगातार और व्यापक बारिश की संभावना कम बनी हुई है।
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। स्थानीय प्रभाव के चलते कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि अभी तेज बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।
रायपुर में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश के आंकड़ों के मुताबिक मुंगेली के लोरमी, सरगुजा के दरिमा और राजनांदगांव के कुमारदा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
प्रदेश में मौसमी सब-डिविजनल वर्षा सामान्य से 3 प्रतिशत कम रही है।
प्रदेश में बारिश को प्रभावित करने वाला मौसम सिस्टम अब कमजोर हो चुका है। इसके कारण बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर बनने वाले मौसम प्रभाव से कुछ जगहों पर बादल और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश के लिए किसी मजबूत सिस्टम का इंतजार है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।
यह मौसम प्रणाली अगले दो दिनों के दौरान पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ सकती है। इसके आगे बढ़ने के साथ मौसम में होने वाले बदलाव पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। रविवार को रायपुर समेत कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, प्रदेश में दोबारा अच्छी बारिश के लिए बंगाल की खाड़ी में बनने वाली नई मौसम प्रणाली अहम भूमिका निभा सकती है।