महतारी वंदन योजना से उमा सिंह : अपनी बिटिया के भविष्य के लिए कर रहीं बचत
Mon, Aug 24, 2026
रायपुर:
प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए आर्थिक निर्णय लेने का अवसर देने वाली महतारी वंदन योजना ग्रामीण अंचल की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता अब महिलाओं के लिए केवल घरेलू जरूरतों को पूरा करने का माध्यम नहीं, बल्कि बचत और भविष्य की बेहतर योजना का आधार भी बन रही है।
सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटिया की निवासी उमा सिंह ने महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता को अपनी बिटिया के उज्ज्वल भविष्य से जोड़कर एक प्रेरणादायी पहल की है। उन्हें योजना के तहत हर माह मिलने वाली 1,000 रूपए की राशि वे अपनी बेटी के नाम पर पोस्ट ऑफिस में जमा कर रही हैं। उनका उद्देश्य भविष्य में इस बचत का उपयोग बेटी की पढ़ाई-लिखाई और अन्य आवश्यकताओं के लिए करना है।
आज की छोटी बचत, कल बेटी के सपनों की बड़ी उड़ान
उमा सिंह बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत हर माह मिलने वाली राशि उनके लिए आर्थिक सहारा है। उन्होंने इस राशि को तत्काल खर्च करने के बजाय अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है। उनका मानना है कि नियमित रूप से की जा रही यह छोटी-सी बचत आने वाले समय में बेटी की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग बनेगी।
उमा सिंह की यह पहल बताती है कि शासन की योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग महिलाएं अपनी प्राथमिकताओं के अनुरूप किस तरह परिवार के भविष्य को मजबूत बनाने में कर रही हैं। नियमित राशि ने उनमें बचत की आदत विकसित करने के साथ आर्थिक निर्णय लेने का आत्मविश्वास भी बढ़ाया है।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बनी योजना
महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। योजना की राशि से महिलाएं घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बचत और भविष्य की जरूरतों के लिए भी आर्थिक आधार तैयार कर रही हैं।
उमा सिंह ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विष्णु भैया ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से उन्हें अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचत करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए अपनी बिटिया के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक छोटी लेकिन महत्वपूर्ण शुरुआत है।
जब महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल मिलता है, तो वे केवल अपनी वर्तमान जरूरतें ही पूरी नहीं करतीं, बल्कि आने वाले कल की मजबूत नींव भी तैयार करती हैं। महतारी वंदन योजना की राशि से शुरू हुई उनकी यह बचत आज उनकी बेटी के सपनों को सुरक्षित करने की दिशा में एक उम्मीद बन गई है।
PWD में लागू होगा 'वमिस' : सम्पूर्ण कार्यप्रणाली होगी पारदर्शी
Mon, Aug 24, 2026
निर्माण कार्यों के डिजिटल प्रबंधन के लिए कैबिनेट ने दी है मंजूरी
रायपुर।
लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों के डिजिटल प्रबंधन के लिए वर्क एण्ड अकाउंट्स मैनेजमेंट इंटीग्रेशन सिस्टम (WAMIS) लागू किया जाएगा। 'वमिस' (WAMIS) से कार्यों की स्वीकृति, ई-प्राक्कलन, ई-प्रोक्योरमेंट, ई-मेजरमेंट बुक (e-MB), बिल भुगतान, लेखा प्रबंधन तथा गुणवत्ता की निगरानी जैसी सभी प्रक्रियाएं एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित होंगी। इस प्रणाली से निर्माण कार्यों की पारदर्शिता बढ़ेगी, भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आएगी तथा कार्यों की रियल-टाइम निगरानी की जा सकेगी। इससे निर्माण परियोजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी और जवाबदेह होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में विगत 5 अगस्त को हुई कैबिनेट की बैठक में लोक निर्माण विभाग में 'वमिस' को लागू करने की मंजूरी दी गई है। सी-डैक (C-DAC), पुणे द्वारा विकसित इस प्रणाली को पहले लोक निर्माण विभाग में लागू किया जाएगा, जिसके बाद अन्य निर्माण एवं अधोसंरचना विभागों में भी इसका विस्तार किया जाएगा। राज्य कैबिनेट का यह निर्णय उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव द्वारा विभाग में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर लगातार दिए जा रहे जोर की परिणति है। लोक निर्माण विभाग में डिजिटल कार्य-संस्कृति की दिशा में राज्य शासन की यह महत्वपूर्ण पहल है।उप मुख्यमंत्री साव लोक निर्माण विभाग में प्रत्येक स्तर पर उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने निर्माण कार्यों की स्वीकृति से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया को कागजी औपचारिकताओं से मुक्त कर पूर्णतः ऑनलाइन एवं अभिलेख-आधारित करने लगातार जोर दे रहे थे। राज्य कैबिनेट की मोहर के बाद अब इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में प्रचलित कार्य एवं लेखा प्रबंधन प्रणालियों के तुलनात्मक अध्ययन तथा सी-डैक (C-DAC), पुणे द्वारा विकसित एवं अनेक राज्यों में सफलतापूर्वक संचालित 'वमिस' (WAMIS) को छत्तीसगढ़ की आवश्यकताओं के अनुरूप सर्वाधिक उपयुक्त पाया गया। इसी आधार पर प्रस्ताव तैयार कर मंत्रिपरिषद के समक्ष प्रस्तुत किया गया था।
क्या है 'वमिस'?
'वमिस' (Work & Accounts Management Integration System) भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन संस्थान सी-डैक, पुणे द्वारा विकसित एक एकीकृत प्रणाली है, जो किसी भी निर्माण कार्य के सम्पूर्ण जीवन-चक्र... प्रारंभिक प्रस्ताव से लेकर कार्य पूर्णता एवं अंतिम भुगतान तक को डिजिटल रूप में संचालित करती है। इस प्रणाली में कार्यों की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति, ई-प्राक्कलन (e-Estimate) एवं अनुमानित लागत का ऑनलाइन निर्धारण, ई-प्रोक्योरमेंट (निविदा प्रक्रिया) से एकीकरण, ई-मेजरमेंट बुक (e-MB) मापन पुस्तिका का डिजिटलीकरण, ठेकेदारों के देयकों (बिल) की ऑनलाइन तैयारी एवं भुगतान, मासिक लेखा, कैशबुक एवं बजट आबंटन के विरुद्ध व्यय का प्रबंधन, जियो-टैग्ड छायाचित्रों सहित कार्यों की गुणवत्ता एवं भौतिक प्रगति की निगरानी जैसी सभी प्रक्रियाएँ एक ही प्लेटफॉर्म पर समाहित हैं।
लोक निर्माण विभाग के कार्यों में आएंगे ये बदलाव
राज्य में 'वमिस' के लागू होने के बाद कार्य के सभी स्तरों में पारदर्शिता बढ़ेगी। इसमें प्रत्येक कार्य की स्वीकृति, निविदा, मापन एवं भुगतान का डिजिटल अभिलेख उपलब्ध रहेगा। इससे निर्माण कार्यों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। वरिष्ठ अधिकारी एवं शासन स्तर पर कार्यों की भौतिक तथा वित्तीय प्रगति की समवर्ती निगरानी संभव होगी।
'वमिस' से ठेकेदारों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा। देयकों की ऑनलाइन प्रक्रिया से ठेकेदारों को भुगतान में विलंब कम होगा और परियोजनाओं की गति बढ़ेगी। अधिकांश प्रक्रियाओं में मानवीय हस्तक्षेप कम से कम होने तथा मापन एवं बिलिंग प्रक्रिया के डिजिटलीकरण से त्रुटि तथा अनियमितता की संभावना घटेगी।
इस प्रणाली से लेखा संधारण में भी सुधार आएगा। महालेखाकार कार्यालय को प्रस्तुत की जाने वाली मासिक लेखा प्रविष्टियाँ इससे स्वतः तैयार हो जाएंगी। विभागीय परिसंपत्तियों एवं व्यय का एकीकृत डेटाबेस हमेशा उपलब्ध रहने से विभागीय फैसलों और नीतियों के निर्धारण में भी सहायता मिलेगी।
"शासन का संकल्प है कि जनता के धन से बनने वाला प्रत्येक निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो। 'वमिस' (WAMIS) के माध्यम से लोक निर्माण विभाग की सम्पूर्ण कार्यप्रणाली पारदर्शी, अभिलेख-आधारित और जवाबदेह बनेगी।" - अरुण साव, उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री
तीन साल बाद फिर धमाल मचाएंगे अमलेश और मन : , ‘तोर मयारु मोर मयारु’ का ट्रेलर लॉच
Mon, Aug 24, 2026
रायपुर।
छत्तीसगढ़ी सिनेमा के स्टार कॉमेडी किंग अमलेश नागेश और मन कुरैशी की जोड़ी तीन साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार हैं। नीलजय फिल्म्स के बैनर तले बनी फ़िल्म ‘तोर मयारु मोर मयारु’ में अमलेश नागेश आधुनिक यूट्यूबर माही के किरदार में नजर आएंगे। वहीं मन कुरैशी भावुक और दिल जीत लेने वाले बैंड मास्टर महिंदर की भूमिका में दिखेंगे।
‘तोर मयारु मोर मयारु’ के निर्माता प्रणय गर्ग और को-प्रोड्यूसर निशेष त्रिपाठी हैं। निर्देशन की कमान राहुल प्रताप सिंह ने संभाली हैl तोर मयारु मोर मयारु’ को प्रसिद्ध फिल्म मेकर मनीष मानिकपुरी प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर 22 अगस्त को राजधानी रायपुर के एक सितारा हॉटल में छत्तीसगढ़ फ़िल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन समेत सतीश जैन, मनोज वर्मा, संतोष जैन, योगेश अग्रवाल, मोहन सुंदरानी, लखी सुंदरानी, अनुमोद राजवैद्य, अनुपम वर्मा, अनिरुद्ध दुबे एवं पवन सिंह के जैसी हस्तियों की मौजूदगी में लॉन्च हुआ।फिल्म में संजय महानंद, सतीश जैन, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, रजनीश झांझी, प्रदीप शर्मा, हेमलाल कौशल, अंजलि चौहान और क्रांति दीक्षित जैसे दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
रोमांस और कॉमेडी से भरपूर फिल्म में लोक गीतों की मिठास और पुरानी परंपराओं को भी रुपहले पर्दे पर उतारा गया है। सोशल मीडिया के जुनून वाली नई पीढ़ी का स्टाइल फिल्म में देखने को मिलेगा।
फिल्म की नायिका इशिका यादव चुलबुली गांव की लड़की तथा काजल सोनबेर शहर की स्मार्ट लड़की ‘गायत्री’ के किरदार में नजर आएंगी। अमलेश, मन, इशिका व काजल इन चार मुख्य किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती कहानी में हंसी, रोमांस और भावनाओं का खूबसूरत मेल है। फिल्म में सात मनमोहक गीत हैं, जिनके लिए अनुराग शर्मा, अल्का चंद्राकर और अनुपमा निश्रा जैसे सुरीले गायकों ने अपनी आवाज दी है। संगीत नवलदास मानिकपुरी, अनुराग शर्मा और परवेज खान का है।पारिवारिक मनोरंजन के तौर पर बनाई गई ‘तोर मयारु मोर मयारु’ में कॉमेडी, रोमांस और भावनाओं का ऐसा संगम है, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखने का दम रखता है। ट्रेलर लॉच कार्यक्रम का संचालन आरजे नमित ने किया।