: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश की झड़ी होने का अलर्ट
Thu, Jul 24, 2025
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से माँसूसन ने धमाकेदार वापसी की है। यही वजह है कि पिछले 24 घंटो से रजय के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौरा जारी है। बात प्रदेश की राजधानी रायपुर की करें तो बुधवार को सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला आज गुरुवार सुबह तक जारी है। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में वर्षा और तेज होगी। मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग अलग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले पांच दिनों तक सावन की यह झड़ी बरक़रार रहेगी।
मौसम विभाग की मानें तो 23 जुलाई से छत्तीसगढ़ में बारिश की तीव्रता में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 23 से 26 जुलाई के दौरान एक से दो स्थानों पर भारी से ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 से लेकर 26 जुलाई के दौरान सूबे के अलग-अलग हिस्सों में भारी से ज्यादा भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर वज्रपात की घटनाएं भी देखी जा सकती हैं। आईएमडी यानि भारतीय मौसम ने आने वाले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भरी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबांद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा -मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया जिलों में गरज चमक के साथ झमाझम बारिश की संभावना है। यहां बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।
: CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट
Wed, Jul 23, 2025
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने को तैयार है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक शक्तिशाली मौसम तंत्र के कारण प्रदेश में अगले चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रायपुर के अनुसार, 25 और 26 जुलाई को बारिश की तीव्रता अपने चरम पर होगी, जिसके चलते कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस व्यापक बारिश का मुख्य कारण बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से पर बना एक चक्रवाती परिसंचरण है। यह सिस्टम समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और अगले 24 घंटों के भीतर एक कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो जाएगा। इसके बाद यह और भी शक्तिशाली होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके साथ ही, एक सक्रिय मानसून द्रोणिका भी फिरोजपुर, करनाल, वाराणसी और जमशेदपुर से होते हुए छत्तीसगढ़ के करीब से गुजर रही है, जो इस बारिश के सिस्टम को और बल प्रदान कर रही है। इन दोनों प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से पूरे प्रदेश में व्यापक वर्षा की प्रबल संभावना है।
आगामी दिनों के पूर्वानुमान पर नजर डालें तो बारिश का दौर लगातार बढ़ता जाएगा। 24 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। असली चुनौती 25 और 26 जुलाई को सामने आएगी, जब यह सिस्टम पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। इन दो दिनों के दौरान, उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 27 जुलाई से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की उम्मीद है, लेकिन फिर भी कुछ जगहों पर भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में मानसून जमकर बरसा है।
बीजापुर जिले में सर्वाधिक 104.0 मिलीमीटर बारिश
दर्ज की गई, जिससे वहां जनजीवन प्रभावित हुआ। इसी तरह, बस्तर संभाग के जगदलपुर में 57.5 मिमी और मैदानी इलाकों में रायपुर में 31.7 मिमी व दुर्ग में 18.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। अगले 24 घंटों के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। नदी-नालों के किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहें।
: स्टेट कैपिटल रीजन: राजधानी के साथ दुर्ग-भिलाई भी शामिल, छत्तीसगढ़ का बनेगा नया ग्रोथ इंजन
Wed, Jul 23, 2025
स्टेट कैपिटल रीजन: राजधानी के साथ दुर्ग-भिलाई भी शामिल, छत्तीसगढ़ का बनेगा नया ग्रोथ इंजन
रायपुर। राजधानी रायपुर और उसके आस-पास का एरिया, स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) के रूप में विकसित होने जा रहा है। यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ का नया ग्रोथ ईंजन बनेगा। विधानसभा में इस संबंध में विधेयक को मंजूरी मिलने के साथ ही स्टेट कैपिटल रीजन‘ ने रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी रायपुर सहित दुर्ग-भिलाई और नवा रायपुर अटल नगर के क्षेत्र कैपिटल रीजन में शामिल किया गया है। यह पूरा क्षेत्र राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की तर्ज पर विकसित होगा।
भौगोलिक दृष्टि से छत्तीसगढ़ देश के केन्द्र में स्थित होने के साथ-साथ व्यापार, वाणिज्य और उद्योग के प्रमुख केन्द्र के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की यह पहल पर स्टेट कैपिटल रीजन में योजनाबद्ध और शहरी विकास की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए, स्टेट कैपिटल रीजन को विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे राजधानी और आसपास के शहरों का प्लान्ड डेव्हलपमेंट होगा। साथ ही शहरी सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और वाणिज्य के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण तैयार होगा। इस क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट की बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसी सुविधाएं बढ़ेंगी।
स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल शहरों में वर्ष 2031 तक 50 लाख से अधिक की आबादी रहने का अनुमान है। बढ़ते शहरीकरण और आबादी के दबाव को कम करने तथा बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यहां राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण का गठन करने का प्रावधान रखा गया है। यह प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हैदराबाद महानगर विकास प्राधिकरण, मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण आदि के अनुरूप होगा।
राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे। इसके साथ ही आवास एवं पर्यावरण, नगरीय प्रशासन एवं विकास, लोक निर्माण विभाग के मंत्री, राज्य के मुख्य सचिव सहित विभिन्न विभागों के सचिव, राज्य शासन द्वारा नामित सदस्यों में राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण का प्रतिनिधित्व करने वाले चार विधायक, स्थानीय प्राधिकरण का प्रतिनिधित्व करने वाले चार निर्वाचित सदस्य होंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण इसके सदस्य संयोजक होंगे।
यह प्राधिकरण भूमि का प्रभावी उपयोग और पर्यावरण अनुकूल योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करेगा। वर्ष 2024-25 के बजट में स्टेट केपिटल रीजन कार्यालय की स्थापना के लिए सर्वेक्षण एवं डीपीआर बनाने के लिए भी 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है। रायपुर से दुर्ग तक मेट्रो रेल सुविधा के सर्वे कार्य के लिए भी 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है। राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण का उद्देश्य राजधानी और आसपास के शहरों के व्यापक विकास के लिए योजना बनाने के साथ नियामक और समन्वय सस्थान के रूप में कार्य करना है। इसके प्रमुख कार्यों में स्थानीय स्तर पर योजनाएं बनाना, निवेश, आर्थिक योजनाओं और इनका कार्यान्वयन, विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी हितधारकों के बीच समन्वय, आर्थिक और अधोसंरचनात्मक विकास को बढ़ावा देना भी है।
प्राधिकरण की एक कार्यकारी समिति होगी, जिसके अध्यक्ष मुख्य कार्यपालन अधिकारी होंगे। इसके अलावा नगर तथा ग्राम निवेश के संचालक, नगरीय प्रशासन विभाग के विकास संचालक, शहरी योजनाकार, अभियंता, वित्त, संपदा, पर्यावरण नामांकित सदस्य होंगे। इसके अलावा राजधानी क्षेत्र में शामिल सभी जिलों के कलेक्टर इसके सदस्य होंगे। स्टेट कैपिटल रीजन के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा राजधानी क्षेत्र विकास निधि बनाई जाएगी। इसके साथ ही एक पुनरावृत्ति निधि भी होगी। इसे राजधानी अवसंरचना परियोजनाओं के लिए विशेष उपकर लगाने की शक्ति भी होगी। यह वार्षिक बजट भी तैयार करेगा तथा राज्य सरकार को प्रत्येक वर्ष वार्षिक योजना एवं प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करेगा।