महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी : खुशखबरी, हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये, जानिए कौन उठा सकेगा फायदा
Tue, May 12, 2026
दिल्ली :-
दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है. दिल्ली सरकार जल्द ही महिलाओं को हर महीने 25,00 रुपये की आर्थिक मदद देने वाली योजना शुरू कर सकती है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन जून 2026 से शुरू हो सकते हैं. हालांकि, इसकी सटीक तारीख सरकार की ओर से अलग से जारी की जाएगी. पहले इस योजना को ‘महिला समृद्धि योजना’ कहा जा रहा था, लेकिन अब इसे ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ नाम दिए जाने की चर्चा है. यह योजना बीजेपी सरकार के उन बड़े वादों में शामिल थी, जो 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए थे. अब सरकार इस योजना को जमीन पर उतारने की तैयारी में जुटी हुई है.
हर महीने सीधे खाते में आएंगे 2500 रुपये
इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में भेजे जाएंगे. दिल्ली सरकार ने इसके लिए 2026-27 के बजट में 5100 करोड़ रुपये का प्रावधान भी रखा था. माना जा रहा है कि करीब 17 लाख महिलाओं को इस योजना का फायदा मिल सकता है.
कौन महिलाएं होंगी योजना के लिए पात्र?
इस योजना का लाभ सभी महिलाओं को नहीं मिलेगा. इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं. जैसे-
महिला की उम्र 21 से 59 साल के बीच होनी चाहिए.
महिला BPL (गरीबी रेखा से नीचे) या EWS श्रेणी में आती हो.
महिला दिल्ली की निवासी हो और कम से कम 5 साल से यहां रह रही हो.
महिला सरकारी नौकरी में न हो और न ही रिटायर कर्मचारी हो.
महिला किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ न ले रही हो.
परिवार की आय लगभग 2.5 से 3 लाख रुपये सालाना के बीच हो.
योजना को महिला एवं बाल विकास विभाग लागू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास है.
रजिस्ट्रेशन के लिए किन दस्तावेजों की पड़ सकती है जरूरत?
हालांकि, सरकार ने अभी तक पूरी आधिकारिक सूची जारी नहीं की है, लेकिन रजिस्ट्रेशन के समय कुछ जरूरी दस्तावेज मांगे जा सकते हैं. जैसे-
दिल्ली पते वाला आधार कार्ड
BPL प्रमाण पत्र या गरीबी का प्रमाण
बैंक खाते की जानकारी
आधार से लिंक मोबाइल नंबर
पासपोर्ट साइज फोटो
निवास प्रमाण पत्र
महंगाई और बढ़ते खर्चों के बीच यह योजना दिल्ली की लाखों महिलाओं के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है.
छत्तीसगढ़ में औद्योगिक : विकास को मिलेगी गति
Tue, May 12, 2026
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पीपीपी मूल्यांकन समिति की बैठक संपन्न
बिलासपुर ट्रांसपोर्ट नगर और नवा रायपुर कन्वेंशन सेंटर सहित कई बड़ी परियोजनाओं पर हुई चर्चा, नियमों के सरलीकरण पर जोर
रायपुर:-
छत्तीसगढ़ में औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज मंत्रालय (महानदी भवन) में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) की सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) ने विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की।
पीपीपी मॉडल के तहत विकसित होंगी ये प्रमुख परियोजनाएं
बैठक में सार्वजनिक निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के माध्यम से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के केंद्र में रही प्रमुख परियोजनाएं में बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट नगर का विकास, नवा रायपुर में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण, धमतरी (छाती) एवं बलौदाबाजार (चंदेरी) मे नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास के अलावा भिलाई में कमर्शियल टॉवर और फ्लेटेड फैक्ट्री बिल्डिंग का निर्माण किया जाना है।
निवेश बढ़ाने और नियमों के सरलीकरण पर जोर
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक परियोजनाओं को गति देने के लिए नियमों का सरलीकरण किया जाए। उन्होंने औद्योगिक ढांचे को सुदृढ़ करने और राज्य में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए प्रक्रियाओं को बाधा-मुक्त बनाने पर बल दिया। इसके साथ ही, इंडस्ट्रियल पार्क के आवंटन नियमों में सुधार और उन्हें और अधिक पारदर्शी बनाने पर भी चर्चा हुई।
प्रस्तुतिकरण और विभागीय भागीदारी
बैठक के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव श्री रजत कुमार ने एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण के माध्यम से पीपीपी परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती सुषमा सावंत, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, साथ ही CSIDC, योजना और वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
नगरीय प्रशासन विभाग की नई सचिव : श्रीमती शंगीता आर. पहुंची इंद्रावती भवन
Tue, May 12, 2026
विभागीय संचालनालय एवं सूडा कार्यालय का किया भ्रमण, अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली
योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
प्रशासनिक कुशलता और तन्मयता से कार्य करने अधिकारियों-कर्मचारियों को किया प्रेरित
रायपुर. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नई सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने आज सवेरे नवा रायपुर में इंद्रावती भवन पहुंचकर विभागीय संचालनालय और सूडा (State Urban Development Authority) कार्यालय का भ्रमण किया। उन्होंने इस दौरान सभी कार्यालयीन कक्षों में जाकर अधिकारियों-कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें कार्यस्थ्ल पर समयबध्द् उपस्थिति, प्रशासनिक कुशलता और तन्मयता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभागीय तथा सूडा के अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगरीय प्रशासन विभाग की नवपदस्थ सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने इंद्रावती भवन में अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों और योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने नगरीय निकायों के कार्यों, योजनाओं, अधोसंरचना विकास, स्वच्छता, जलप्रदाय, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन तथा अन्य शहरी विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सर्वजन हिताय के मूल-मंत्र को ध्यानन में रखते हुए नागरिकों की सुविधा के लिए समयबध्द तरीके से कार्य करने के लिए अधिकारियों को प्रेरित किया।
सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कार्यों और परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति तथा आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। विभागीय योजनाओं के बेहतर संचालन, कार्यों में तेजी लाने तथा नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
विभागीय सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने बैठक में साझा किया कि आज ही के दिन वर्ष 2005 में उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया था। उन्होंभने इस विशेष पल को याद करते हुए अपने निजी जीवन और प्रशासनिक सफर के अहम पड़ावों को बैठक में मौजूद लोगों के साथ साझा किया।
सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शशांक पाण्डेय, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दुष्यंत कुमार रायस्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता श्री राजेश शर्मा और संयुक्त संचालक श्री मिथिलेश अवस्थी सहित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और सूडा के अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद थे।