रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई, : वायरल वीडियो के बाद भिलाई-3 का पटवारी निलंबित
Fri, May 8, 2026
00 वेतन मिलने पर पैसे लौटाने का किया था सौदा
रायपुर।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर रिश्वत के लेनदेन का वीडियो वायरल होने के बाद, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भिलाई-03 ने पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
ज्ञात हो कि जमीन बंटवारे के बदले रुपयों के लेनदेन से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसकी जांच अहिवारा तहसीलदार द्वारा की गई। जांच में पाया गया कि प्रार्थी अमन कुमार टंडन और भूमिस्वामी उत्तम टंडन ने जमीन बंटवारे के काम के लिए पटवारी को 45 हज़ार रुपये दिए थे। पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह राशि ली थी, लेकिन उनका तर्क था कि उन्होंने यह पैसे प्रार्थी की माता से लिए थे और वेतन मिलने के बाद इसे वापस करने की बात कही थी।
नियमों का उल्लंघन और निलंबन
प्रशासन ने पटवारी के इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-03 और नियम-14 का स्पष्ट उल्लंघन माना है। इसे गंभीर कदाचरण की श्रेणी में रखते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की गई है। पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय अहिवारा नियत किया गया है।
CG : सब्जी फार्म हाउस में मधुमक्खियों के हमले से 60 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत
Thu, May 7, 2026
दुर्ग।
दुर्ग जिले में एक हादसे में मधुमक्खियों के हमले से एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे तेज हवा के कारण पेड़ पर लगा मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता अचानक नीचे गिर गया। छत्ता गिरते ही भड़की मधुमक्खियों ने वहां काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान अन्य मजदूर किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले, लेकिन शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण रमेश तेजी से नहीं भाग सके और मधुमक्खियों ने उन्हें बुरी तरह डंक मार दिए। फार्म हाउस मैनेजर ने रमेश को बचाने की कोशिश करते हुए उन पर पानी डाला और कंबल से ढंककर मधुमक्खियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उन्हें दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।मृतक रमेश मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले थे और पिछले 12 वर्षों से अपनी पत्नी के साथ उसी फार्म हाउस में मजदूरी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दंपति की कोई संतान नहीं है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
CG NEWS : कांग्रेसियों ने दर्ज कराई भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत
Thu, May 7, 2026
भिलाई।
भिलाई में सियासी घमासान तेज हो गया है।भिलाई नगर निगम के सामने भाजपा द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर अब कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ता सुपेला थाने पहुंचकर भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।कांग्रेस का आरोप है कि बिना प्रशासनिक अनुमति के जी.ई. रोड को घेरकर टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन किया गया, जो असंवैधानिक है।
इससे आम लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।शिकायत में भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, भाजयुमो अध्यक्ष सौरभ जायसवाल, वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, उप नेता प्रतिपक्ष दया सिंह, पार्षद स्मिता दोडके, महेश वर्मा, श्यामसुंदर, पीयूष मिश्रा और भाजपा नेता कन्हैया सोनी सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस और प्रशासन क्या कदम उठाते हैं, क्योंकि मामला सीधे तौर पर सड़क जाम और अनुमति के नियमों से जुड़ा हुआ है।