MSP-कर्जमाफी पर सरकार से सीधी बातचीत की तैयारी : कलेक्टर के आश्वासन के बाद किसानों ने खत्म किया चक्काजाम
Jagbhan Yadav
Mon, Dec 1, 2025
मध्यप्रदेश के धार जिले में किसानों का आंदोलन मंगलवार सुबह से शुरू हुआ और करीब 15 घंटे तक लगातार चलता रहा। यह आंदोलन धामनोद के पास स्थित खलघाट टोल प्लाजा पर राष्ट्रीय मजदूर किसान महासंघ के नेतृत्व में किया गया। सुबह 5 बजे किसानों ने चक्काजाम शुरू कर दिया, जिससे नेशनल हाइवे-52 पर पूरे दिन यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। धार, बड़वानी, खंडवा और खरगोन जिलों से हजारों किसान यहाँ पहुंचे और सड़क पर ही डटे रहे।
शाम को करीब 8 बजे कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी मयंक अवस्थी और खरगोन एसपी मौके पर पहुंचे और किसानों से लंबी बातचीत की। किसानों ने MSP की कानूनी गारंटी, कर्जमाफी और अन्य लंबित समस्याओं को लेकर अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं। उन्होंने बताया कि कई महीनों से आवेदन देने के बावजूद उनकी समस्याओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कलेक्टर ने किसानों से प्राप्त ज्ञापन को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। साथ ही यह भी बताया कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से दिल्ली में भी किसानों की बात उठाई जाएगी। किसानों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी सभी मांगों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
इसी भरोसे के बाद किसान संगठनों ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। साथ ही यह भी तय हुआ कि किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाकर केंद्र सरकार के सामने अपनी बात रखेगा। आंदोलन खत्म होते ही हाईवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया।
दिनभर चले इस आंदोलन के दौरान प्रशासन ने एहतियात के तौर पर धारा-163 लागू की और भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था। बावजूद इसके, आंदोलन शांतिपूर्ण रहा और दोनों पक्षों की बातचीत के बाद समाधान का रास्ता खुला।...
Tags :
#MPNews #KisanAndolan #MSP #DharNews #KisanProtest #ChakkaJam #FarmersDemand
विज्ञापन
विज्ञापन