अवैध खनन : और परिवहन पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 5 वाहन जब्त
Tue, Dec 9, 2025
रायपुर।
जांजगीर-चांपा जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देशन में खनिज विभाग और उडऩदस्ता दल ने बम्हनीडीह, पुछेली, बिर्रा, कनस्दा, हथनेवरा और पीथमपुर क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त पाँच वाहन—ग्राम पुछेली से एक ट्रैक्टर, पीथमपुर से एक हाईवा, कनस्दा से एक ट्रैक्टर तथा बम्हनीडीह क्षेत्र से दो हाईवा—जप्त किए गए। सभी वाहनों को पुलिस रक्षित केंद्रों और संबंधित थानों में सुरक्षा के लिए रखा गया है।
जिला खनिज अधिकारी श्री अनिल कुमार साहू ने जानकारी दी कि जिले में अब तक अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कुल 76 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें 66 अवैध परिवहन, 6 अवैध उत्खनन और 4 अवैध भंडारण के मामले शामिल हैं। इन मामलों में कुल 24,65,550 रुपये की शास्ति राशि वसूलकर खनिज मद में जमा की गई है।
अवैध खनन में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जब्त वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुनरावृत्ति होने पर संबंधित मामलों में न्यायालयीन परिवाद दर्ज किए जाएंगे।
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध खनन रोकथाम के लिए खनिज अमला और जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा लगातार गश्त व जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
CG – पति ने पहले की पत्नी की हत्या : फिर ट्रेन के आगे कूदकर जान दी, सुसाइड नोट में लिखा-मैं तुम्हारे बिना…..
Tue, Dec 9, 2025
रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति ने पत्नी की हत्या कर खुद भी ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली है। मृतक आरोपी के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने लिखा कि मैं अपनी बीबी-बच्चों के बिना नहीं रह सकता, इसलिए मैं भी आत्महत्या कर रहा हूं।
जानिए घटना
जानकारी के मुताबिक, घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। मृतक का नाम राजेंद्र गुप्ता था और पत्नी का नाम रेखा गुप्ता था। राजेंद्र गुप्ता बिहार का रहने वाला था और रायपुर के खम्हारडीह के चंडी नगर में किराये के मकान में रहता था। साथ ही वेल्डिंग का काम करता था।
आरोपी ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की, फिर खुद भी लभांडी रेलवे पटरी पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन सीएसपी रमाकांत साहू, तेलीबांधा थाना पुलिस व खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में मृतक राजेंद्र गुप्ता के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। नोट में मृतक ने लिखा कि ”वह अपनी पत्नी और बच्चों के बिना नहीं रह सकता, इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है। उसने यह भी लिखा है कि उसकी पत्नी और उसके मौत के बाद दोनों बच्चों को उसके परिजानों को सौंप दिया जाए।”
मृतक के दो बच्चे हैं। फिलहाल इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, दोनों शव का पंचनामा कर मामले की जांच की जा रही है।