कासगंज में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हड़कंप : जांच में जुटी पुलिस
Sun, Feb 22, 2026
UP News:
उत्तर प्रदेश के कासगंज से चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। हालांकि पांचों की मौत कैसे और क्यों हुई, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। आशंका है कि सामूहिक सुसाइड किया गया है। पूरा मामला अमापुर कस्बे का है, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं।
घटनास्थल पर मौजूद फॉरेंसिक टीम
मृतकों में 50 साल के श्यामवीर उर्फ फौजी, उनकी 45 साल की पत्नी रामश्री देवी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। बच्चों की पहचान 12 साल की प्राची, 8 साल की आकांक्षा और 5 साल के गिरीश कुमार के रूप में हुई है। यह घटना अमापुर के एटा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। श्यामवीर की वेल्डिंग की दुकान थी और वह नगला भोजराज के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही अमापुर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी प्रभाकर चौधरी और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना श्यामवीर द्वारा अंजाम दी गई प्रतीत होती है, जिसके बाद उन्होंने स्वयं फांसी लगा ली। हालांकि, अभी तक मौत के कारणों का कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर मौजूद हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
एक साथ पांच लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप का माहौल है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इनकी जान क्यों और कैसे गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
वैन तालाब में गिरी, : वैन तालाब में गिरी, मासूम समेत चार की मौत
Sat, Feb 21, 2026
कानपुर देहात।
जनपद के शिवली थानाक्षेत्र में शुक्रवार देर शाम तेरहवीं से लौट रही बेकाबू वैन तालाब में पलट गई। कार में सवार एक ही परिवार के 4 लोगों की पानी में डूबकर मौत हो गई। मरने वालों में बुजुर्ग पति-पत्नी, बेटी और दो साल का नाती शामिल हैं।
औरैया में रहने वाले राजकिशोर अपने परिवार से साथ कानपुर ले कल्यानपुर थानाक्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आये थे। कार्यक्रम होने के बाद देर शाम वापस औरैया निकल रहे थे। अभी उनकी वैन जिसमें उनको लगाकर 11 लोग सवार थे। वापसी के दौरान उनकी वैन शिवली थानाक्षेत्र के बैरी सवाई में अनियंत्रित होकर एक तालाब में गिर गई और पानी मे डूबने लगी। वहां से निकल रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से लोगों को तालाब से बाहर निकाला।सभी को तत्काल सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने राजकिशोर, उनकी पत्नी स्नेहलता अग्निहोत्री (55), बेटी हिमांशु अग्निहोत्री (30) पत्नी अंकुर अग्निहोत्री, दो वर्षीय नाती शिव अग्निहोत्री को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों कृतिका अग्निहोत्री (30), सुधा वाजपेयी (45), वाणी अग्निहोत्री (3), कान्हा (4) और सुधांशु अग्निहोत्री (24) को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
जनपद की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया कि शिवली पुलिस को एक वैन के डूबने की सूचना मिली , पुलिस ने तत्काल उसमे फंसे अभी लोगों को बाहर निकलवा कर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां चार लोगों के मौत की डॉक्टर ने पुष्टि की है। अन्य लोगों का इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री योगी : आज किसानों को देंगे बड़ा तोहफा
Sat, Feb 21, 2026
लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को उत्तर प्रदेश के किसानों को बड़ा तोहफा देंगे। मुख्यमंत्री किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों व आपदा मित्रों को जीवन बीमा के तहत राशि प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से ही बागपत, शामली, कासगंज व भदोही के उप कृषि निदेशक कार्यालय तथा मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं का शिलान्यास करेंगे।
कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने शुक्रवार काे बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री के सरकारी आवास (पांच कालिदास मार्ग) पर यह आयोजन होगा। इसमें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहेंगे। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खऱीफ 2025) के अंतर्गत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये क्षतिपूर्ति राशि वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 3500 लाभार्थी परिवारों को 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान करेंगे। आपदा मित्रों को जीवन बीमा प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बागपत, शामली, कासगंज, भदोही में उप कृषि निदेशक कार्यालय व मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इसके साथ ही मऊरानीपुर झांसी में 50 शैया के छात्रावास भवन तथा लखनऊ में स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो इकाई का शिलान्यास भी करेंगे।