जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ : 3 कारों से 552 किलो गांजा जब्त, 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
Jagbhan Yadav
Wed, Jul 15, 2026
जशपुर. मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कारों से 552.10 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. जब्त गांजे और वाहनों सहित कुल बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1.21 करोड़ रुपये बताई गई है. इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करों की रेकी कर रही एक अन्य कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.
यह अभियान सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना और इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करना है. इसके लिए सरगुजा संभाग के सभी जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही है.
पुलिस के अनुसार, थाना कुनकुरी और बगीचा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई के दौरान उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर आ रही इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा कारों को घेराबंदी कर रोका गया. तलाशी के दौरान वाहनों से 552.10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया.
कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं, पुलिस ने एक ऐसी कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग तस्करों को पुलिस की गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी देने के लिए रेकी में किया जा रहा था.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है. फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ इस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की भी पड़ताल की जा रही है.
जशपुर पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.


Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन