: चार राज्यों के चुनाव नतीजे लोगों के गले उतर पाना मुश्किल, गंभीर चिंतन और समाधान की जरूरत : मायावती
Wed, Dec 6, 2023
नईदिल्ली (ए)।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को कहा कि मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम लोगों के गले से नीचे उतर पाना बहुत मुश्किल हैं और ऐसे ‘रहस्यात्मक’ मामले पर गंभीर चिंतन और उसके ‘समाधान’ की जरूरत है। मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर डाले गए सिलसिलेवार संदेशों में विस्तार से अपनी बात कही और चुनाव परिणाम के संदर्भ में जमीनी रिपोर्ट लेकर आगामी लोकसभा चुनाव की नए सिरे से तैयारी के लिए आगामी 10 दिसंबर को लखनऊ में पार्टी की अखिल भारतीय बैठक बुलाई है।
उन्होंने कहा, “देश के चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम एक पार्टी के पक्ष में एकतरफा होने से लोगों का अचंभित और चिंतित होना स्वाभाविक है। चुनाव के पूरे माहौल को देखते हुए ऐसा विचित्र परिणाम लोगों के गले के नीचे उतर पाना बहुत मुश्किल है।” बसपा अध्यक्ष ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “पूरे चुनाव के दौरान माहौल एकदम अलग, कांटे के संघर्ष वाला और दिलचस्प था मगर चुनाव परिणाम उससे बिल्कुल अलग होकर पूरी तरह से एकतरफा हो जाना, यह ऐसा रहस्यात्मक मामला है जिस पर गंभीर चिंतन व उसका समाधान जरूरी है।
लोगों की नब्ज पहचानने में भयंकर भूल-चूक चुनावी चर्चा का नया विषय है।” मायावती ने अगले पोस्ट में कहा, “बसपा के सभी लोगों ने पूरे तन मन धन व दमदारी के साथ यह चुनाव लड़ा। उन्हें ऐसे अजूबे परिणाम से निराश कतई नहीं होना है बल्कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के जीवन संघर्षों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहना है।” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, “इस चुनावी परिणाम के संदर्भ में जमीनी रिपोर्ट लेकर आगे लोकसभा चुनाव की नए सिरे से तैयारी पर विचार विमर्श के लिए पार्टी की अखिल भारतीय स्तर पर बैठक आगामी 10 दिसंबर को लखनऊ में बुलाई गई है।
चुनाव परिणाम से विचलित हुए बिना आंबेडकरवादी आंदोलन आगे बढ़ाने की हिम्मत कभी भी नहीं हारेगा।” देश के चार राज्यों के रविवार को आए विधानसभा चुनाव परिणाम में भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत दर्ज की है जबकि तेलंगाना में कांग्रेस ने विजय प्राप्त की है। बसपा ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में इस बार भी उम्मीदवार खड़े किए थे लेकिन राजस्थान (दो सीटें) को छोड़कर बाकी किसी राज्य में उसका खाता नहीं खुल सका।
: ओम माथुर हुए दिल्ली रवाना, जल्द होगी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री नाम की घोषणा
Mon, Dec 4, 2023
जगभान यादव
रायपुर।
सोमवार को प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, सह चुनाव प्रभारी मनसुख मांडवीया, सह प्रदेश प्रभारी नीतिन नबीन दिल्ली के लिए रवाना हो गए। छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री कौन होगा यह हाई कमान तय करेगा। दिल्ली में बैठक के बाद पर्यवेक्षक की घोषणा होगी। पर्यवेक्षक रायपुर आएंगे और दो से तीन दिन के भीतर रायपुर में विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में CM का नाम तय कर लिया जाएगा। इससे पहले रायपुर में सोमवार को प्रदेश के सभी विधायकों का एक स्वागत कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी आयोजित कर रही थी।
लेकिन आखिरी वक्त पर मामला टल गया। अचानक बड़े-बड़े नेता दिल्ली गए। उन्हें छोड़ने के लिए अध्यक्ष अरुण साव, लता उसेंडी, सरोज पांडे और रामविचार नेताम जैसे नेता एयरपोर्ट गए थे। दोपहर तक प्रदेश कार्यालय में नेतृत्व की बैठक चली। प्रदेश भर से भारतीय जनता पार्टी के तमाम कार्यकर्ता रायपुर आये। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मिठाइयां बांटने, फूल-मालाएं सजाने और जिंदाबाद के नारे लगाने का माहौल बना रहा। चूंकि नेता एसयूवी में पहुंचे, इसलिए अंदर कारों की लंबी कतार लग गई।
प्रदेश भर से विजयी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों से मीडिया ने लगातार तरह-तरह के सवाल पूछे। रायगढ़ से विधायक ओपी चौधरी जब रायपुर पहुंचे तो उन्हें मीडिया ने घेर लिया। सवाल सुनते ही ओपी को गुस्सा आ गया। सवाल था क्या आप होंगे सीएम का चेहरा? यह सुनकर चौधरी ने कहा, ‘मीडिया ऐसी बातों को बेवजह तूल दे रहा है और ऐसे कयास नहीं लगाए जाने चाहिए।’ उन्होंने मीडिया को भी इस तरह की बातें न करने की हिदायत दी।