नई शिक्षा नीति : में कौशल उन्नयन महत्वपूर्ण : गजेन्द्र यादव
Fri, Nov 21, 2025
अछोटी में डाइट द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
रायपुर ।
दुर्ग जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) द्वारा अछोटी में दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने नई शिक्षा नीति के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक समय में केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि कौशल आधारित प्रशिक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कौशल उन्नयन ही विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख बनाएगा और उन्हें बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप सक्षम बनाएगा।
कार्यशाला के दौरान शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री यादव ने व्यवसायिक शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों और संभावनाओं पर शिक्षकों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि रोजगारमुखी शिक्षा और आधुनिक कौशल विकास को पाठ्यक्रम से जोड़ने की दिशा में यह कार्यशाला महत्वपूर्ण पहल है।
मंत्री यादव ने बताया कि नई शिक्षा नीति में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही कौशल शिक्षा, प्रायोगिक अधिगम, डिजिटल साक्षरता और व्यवसायिक प्रशिक्षण से जोड़ने की व्यवस्था की गई है। इससे भविष्य में युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे।इस अवसर पर प्राचार्य डाइट पी. सी. मर्कले, डॉ. शिशिरकला भट्टाचार्य, श्रीमति संध्या शर्मा, डॉ. नीलम दुबे, डॉ. वंदना सिंह, डॉ. एच. के. साहू सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
विधायक सोनी को : डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर ठगने की कोशिश
Fri, Nov 21, 2025
रायपुर।
रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर ठगने की कोशिश की। दो दिन पहले उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को आईबी का अधिकारी बताया और दावा किया कि उनके मोबाइल नंबर का उपयोग कश्मीर में हुई आतंकवादी घटना में हुआ है।
विधायक ने बताया कि कॉल सुनकर वह पहले घबरा गए। बाद में उन्हें संदेह हुआ कि यह साइबर ठगी का प्रयास हो सकता है। उन्होंने तुरंत कॉल बंद किया और मामले की जानकारी एसएसपी और साइबर क्राइम सेल को दी। पुलिस उस नंबर की जांच कर रही है, जिससे कॉल आया था।घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह घटना दिखाती है कि अपराधी कितने बेखौफ हैं। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी इसे गंभीर मुद्दा बताया और चिंता व्यक्त की।